Publish Date: Mon, 18 Nov 2019 (12:41 IST)
Updated Date: Mon, 18 Nov 2019 (12:43 IST)
फिल्म 'तानाजी द अनसंग वॉरियर' में काजोल और अजय देवगन की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर नजर आने वाली है। हाल ही में इस पीरियड ड्रामा फिल्म से काजोल का फर्स्ट लुक सामने आया है। काजोल इस फिल्म में तानाजी की पत्नी सावित्रीबाई मालुसरे के किरदार में नजर आएंगी।
फिल्म के पोस्टर में काजोल मराठी लुक में नजर आ रही हैं। पोस्टर में काजोल का लुक काफी इंटेंस लग रहा है। सिर पर पल्लू लिए, माथे पर बड़ी सी बिंदी और नोज रिंग पहने हुए काजोल का लुक बेहद दमदार है।
फिल्म से काजोल के लुक को शेयर करते हुए अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'सावित्रीबाई मालुसरे... तानाजी के साहस का सहारा... और उनके बल की शक्ति।'
तानाजी का ट्रेलर 19 नवंबर को रिलीज होगा। इससे पहले अजय, सैफ अली खान समेत कई किरदारों के लुक रिवील किए जा चुके हैं। फिल्म का निर्देशन ओम राउत कर रहे हैं। ये फिल्म 10 जनवरी, 2020 को रिलीज हो रही है।
बता दें कि तानाजी की कहानी 17वीं सदी पर बेस्ड है। फिल्म तानाजी मालुसरे की जिंदगी पर बनी है। तानाजी मालुसरे मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना में सैन्य नेता थे। वे छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ कई जंग लड़े थे।