Publish Date: Mon, 04 May 2026 (11:14 IST)
Updated Date: Mon, 04 May 2026 (11:16 IST)
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस और सिंगर अक्षरा सिंह अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर हैं। उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई उनके बारे में क्या सोचता है। हाल ही में अक्षरा सिंह ने एक पॉडकास्ट में अपने करियर के शुरुआती दौर का एक ऐसा किस्सा साझा किया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है।
अक्षरा सिंह ने बताया है कि कैसे एक समय पर सुपरस्टार रवि किशन ने उनकी बॉडी शेमिंग की थी। एक्ट्रेस ने बताया कि जब उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था, तब उनका इरादा इस फील्ड में आने का बिल्कुल नहीं था। उन्हें भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज स्टार रवि किशन ने ही पहली फिल्म दिलाई थी। लेकिन इसी पहली फिल्म के दौरान एक ऐसी घटना घटी जिसने अक्षरा की जिंदगी की दिशा बदल दी।
पॉडकास्ट में पुरानी यादों को ताजा करते हुए अक्षरा सिंह ने बताया कि जब उन्हें पहली बार फिल्म का ऑफर मिला, तब वह महज नौवीं कक्षा की छात्रा थीं। फिल्म मिलने की खुशी के साथ-साथ उनके मन में हैरानी भी थी क्योंकि एक्टिंग कभी उनका सपना नहीं थी।
अक्षरा ने बताया कि जब रवि किशन ने उन्हें पहली बार स्क्रीन पर देखा, तो उन्होंने उनके डांस और स्माइल की बहुत तारीफ की, लेकिन इसके तुरंत बाद उन्होंने एक ऐसी टिप्पणी की जो अक्षरा को अंदर तक चुभ गई। रवि किशन ने उनके वजन पर कमेंट करते हुए कहा था, "ये तो आलू का बोरा है, इतनी मोटी है, क्या दिन भर खाती रहती है?"
किसी भी नई और युवा एक्ट्रेस के लिए एक बड़े स्टार के मुंह से ऐसे शब्द सुनना बहुत आहत करने वाला था। रवि किशन की इस टिप्पणी पर अक्षरा सिंह ने बिल्कुल भी चुप्पी नहीं साधी। उन्होंने मौके पर ही इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। एक्ट्रेस ने उस पल को याद करते हुए कहा, मैंने उनसे कहा, "कास्ट तो आपने ही किया है, फिर आप मुझे ऐसा क्यों कह रहे हैं? आप होंगे अपने घर के स्टार, पर मुझे आलू का बोरा मत कहिए।"
अक्षरा की इस बेबाकी से यह साफ हो गया कि वह किसी भी परिस्थिति में अपने सम्मान के साथ समझौता नहीं करेंगी। लेकिन, रवि किशन की इन बातों ने उनके दिल पर गहरा असर किया। सेट पर मौजूद सभी लोगों के सामने हुए इस अपमान के बाद उन्होंने खुद को साबित करने की ठान ली।
रवि किशन के इस कमेंट को अक्षरा सिंह ने एक चुनौती के रूप में लिया। उन्होंने इसे अपने जीवन का टर्निंग पॉइंट बनाया। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने दृढ़ संकल्प किया और 9 दिन के नवरात्रि व्रत के दौरान सिर्फ फल खाकर अपना वजन घटाया। उन्होंने कड़ा संघर्ष करते हुए खुद को पूरी तरह से ट्रांसफॉर्म कर लिया।
आज अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा की लीडिंग एक्ट्रेसेस में से एक हैं। पिछले 15 वर्षों के लंबे सफर में उन्होंने अपनी गायिकी और शानदार अभिनय के दम पर एक अलग मुकाम हासिल किया है।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें