Publish Date: Thu, 17 Nov 2022 (06:42 IST)
Updated Date: Wed, 16 Nov 2022 (19:29 IST)
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 14' को होस्ट करते नजर आ रहे हैं। शो में बिग बी अपनी लाइफ से जुड़े कई राज और मजेदार किस्से शेयर करते रहते हैं। वहीं अब अमिताभ ने केबीसी के सेट पर अपनी शादी को लेकर एक राज खोला है।
अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्होंने जया भादुड़ी से क्यों शादी रचाई? हाल ही में शो का एक प्रोमो सामने आया है। इस प्रोमो में अमिताभ अभिनेत्री जया भादुड़ी के साथ अपनी शादी के पीछे के प्यारे कारण का खुलासा करते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में अमिताभ पहले एक कंटेस्टेंट प्रियंका महर्षि के लंबे रेशमी बालों की तारीफ करते हैं। इसके बाद वह कहते हैं, देवीजी आपके बाल बहुत सुंदर हैं। अमिताभ कंटेस्टेंट से उनके लंबे और घने बाल दिखाने को कहते हैं। फिर अमिताभ कहते हैं, 'अपनी पत्नी से ब्याह हमने एक इस वजह से किया था क्योंकि उनके बाल बहुत लंबे थे।'
अमिताभ बच्चन और जया पहली बार 1971 में फिल्म 'गुड्डी' के सेट पर मिले थे। दोनों जंजीर, अभिमान, चुपके चुपके, शोले और कभी खुशी कभी गम में साथ काम कर चुके हैं। अमिताभ और जया ने 1973 में शादी रचाई थी। दोनों के दो बच्चे बेटी श्वेता और बेटा अभिषेक हैं।
Edited By : Ankit Piplodiya