Publish Date: Sat, 12 Nov 2022 (17:05 IST)
Updated Date: Sat, 12 Nov 2022 (17:08 IST)
बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर शादी के 6 साल बाद माता-पिता बन गए हैं। एक्ट्रेस ने 43 साल की उम्र में एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। बिपाशा और करण ने सोशल मीडिया के जरिए यह खुशखबरी फैंस संग साझा की है।
बिपाशा बसु ने अपनी बेटी की पहली झलक दिखाते हुए नाम का भी खुलासा कर दिया है। बिपाशा और करण सिंह ग्रोवर ने एक साझा पोस्ट में खुद को ब्लेस्ड बताया है। शेयर की गई तस्वीर में कपल अपने हाथों में अपनी नन्ही बेटी के पैर थामे नजर आ रहे हैं।
इस तस्वीर के साथ लिखा है, 12.11.22, देवी बसु सिंह ग्रोवर। हमारे प्यार और देवी मां के आशीर्वाद की साक्षात निशानी अब दुनिया में आ गई है और ये दिव्य है। बिपाशा और करण।
बिपाशा बसु और करण को हमेशा से एक बेटी की ख्वाहिश थी। बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में बिपाशा ने बताया था कि वह और करण एक बेटी चाहते हैं। उनकी तमन्ना है कि उनके घर बेबी गर्ल का जन्म हो।
बिपाशा बसु ने इस साल अगस्त में अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी फैंस के साथ साझा की थी। बिपाशा प्रेग्नेंसी पीरियड के दौरान अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए कई तस्वीरें शेयर कर रही थीं।
बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर की पहली मुलाकात साल 2015 में फिल्म 'अलोन' की शूटिंग के दौरान हुई थी। दोनों ने अप्रैल 2016 में शादी रचाई थी। करण सिंह ग्रोवर की यह तीसरी शादी है।
Edited By : Ankit Piplodiya