Publish Date: Thu, 07 May 2026 (14:10 IST)
Updated Date: Thu, 07 May 2026 (14:12 IST)
बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली की शादीशुदा जिंदगी में आया तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ महीनों से सेलिना और उनके पति पीटर हाग के बीच चल रही तलाक की लड़ाई अब एक बेहद दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गई है। सेलिना के तलाक की हियरिंग शुरू हो चुकी है, जिसके सिलसिले में वो ऑस्ट्रिया में हैं।
इसी बीच सेलिना जेटिली ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसे देखकर फैंस भावुक हो गए हैं। वीडियो में वह ऑस्ट्रिया में मौजूद अपने बेटे शमशेर की कब्र को साफ करते हुए और वहां रोते हुए दिखाई दे रही हैं।
इस वीडियो के साथ सेलिना ने लिखा, मेरे पास इस दिल दहला देने वाले वीडियो को शेयर करने के अलावा कोई चारा नहीं था, ताकि मैं दुनिया को एक मां के तौर पर अपना दर्द दिखा सकूं। पिछले कुछ हफ़्ते मेरी ज़िंदगी के सबसे मुश्किल हफ़्ते थे। मैं अपने तलाक़ की सुनवाई के लिए ऑस्ट्रिया में थी। ऑस्ट्रियाई जज के सामने एक लिखित वादे के बावजूद, मेरे बच्चों को, जिन्हें किसी अनजान जगह ले जाया गया था, वापस हमारे घर नहीं लाया गया।
उन्होंने लिखा, मैं जिस इकलौते बच्चे से मिल पाई, वह मेरा बेटा शमशेर था, जिसकी कुछ समय पहले ही मौत हो गई। यह एक ऐसी मां की दिल तोड़ने वाली कहानी है, जिसने अपने बच्चों के जन्म के पहले दिन से ही उनके लिए सब कुछ किया है। मैंने अपना देश, अपने माता-पिता, अपना काम सब छोड़ दिया। मैं भारत से दुबई, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया, फिर दुबई और फिर ऑस्ट्रिया—सिर्फ़ अपने पति के करियर को आगे बढ़ाने के लिए एक जगह से दूसरी जगह जाती रही।
सेलिना ने लिखा, मैंने अकेले ही अपने बच्चों की परवरिश की, और साथ ही अपने पति की महत्वाकांक्षाओं, उनके तबादलों, उनके सपनों और हमारी साथ मिलकर बनाई हुई ज़िंदगी में उनका मज़बूती से साथ दिया। शादी और बच्चों के प्रति अपनी पूरी लगन के बावजूद, मैंने देखा कि मेरी सारी जमा-पूंजी मुझसे धीरे-धीरे करके छीन ली गई... और मुझे हर तरह का ज़ुल्म सहना पड़ा।
उन्होंने लिखा, बच्चों की संयुक्त कस्टडी और ऑस्ट्रियाई फ़ैमिली कोर्ट के मौजूदा आदेश के बावजूद, मुझे इस समय अपने तीनों बच्चों से किसी भी तरह का संपर्क करने से पूरी तरह रोक दिया गया है, और मेरा दिल टूट चुका है! मेरे बच्चों को मुझसे मिलने से बार-बार रोका गया है। इसके अलावा, बच्चों का ब्रेनवॉश किया गया है और उन्हें डरा-धमकाकर मेरे ख़िलाफ़ बातें कहने पर मजबूर किया गया है।
गौरतलब है कि शमशेर, सेलिना के जुड़वां बेटों में से एक थे, जिनका 2017 में जन्म के कुछ समय बाद निधन हो गया था।
सेलिना ने नवंबर 2023 में मुंबई की एक अदालत में तलाक के लिए अर्जी दी थी। उन्होंने पीटर हाग पर शारीरिक, मानसिक और वित्तीय शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें