Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

फिल्म 'गुप्त' के लिए काजोल को मिला था सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्म फेयर अवॉर्ड

हमें फॉलो करें फिल्म 'गुप्त' के लिए काजोल को मिला था सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्म फेयर अवॉर्ड

WD Entertainment Desk

, शनिवार, 5 अगस्त 2023 (15:14 IST)
Kajol Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस काजोल 49 वर्ष की हो गई हैं। 5 अगस्त 1974 को मुंबई में जन्मी काजोल को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता शोमू मुखर्जी निर्माता जबकि मां तनुजा जानी मानी फिल्म अभिनेत्री थीं। घर में फिल्मी माहौल रहने के कारण काजोल अक्सर अपनी मां के साथ शूटिंग देखने जाया करती थीं। इस वजह से उनका भी रूझान फिल्मों की ओर हो गया और वह भी अभिनेत्री बनने के ख्वाब देखने लगी। 
 
काजोल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा संत जोसेफ कान्वेंट पंचगनी से की। इसके बाद उन्होंने बतौर अभिनेत्री अपने सिने करियर की शुरूआत साल 1992 में रिलीज फिल्म 'बेखुदी' से की। युवा प्रेम कथा पर बनी इस फिल्म में उनके नायक की भूमिका कमल सदाना ने निभाई लेकिन कमजोर पटकथा और निर्देशन के कारण फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुई।
 
साल 1993 में काजोल को अब्बास-मुस्तान की फिल्म 'बाजीगर' में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में उनके नायक की भूमिका शाहरुख खान ने निभाई थी। यूं तो पूरी फिल्म शाहरुख खान पर केन्द्रित करके बनाई गई थी लेकिन काजोल ने अपने दमदार अभिनय से दर्शको का दिल जीत लिया। साल 1994 काजोल के सिने करियर में अहम वर्ष साबित हुआ। इस साल उनकी उधार की जिंदगी, ये दिल्लगी और करण अर्जुन जैसी फिल्में रिलीज हुई।
 
webdunia
उधार की जिंदगी बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुई लेकिन काजोल ने अपने दमदार अभिनय से दर्शको का दिल जीत लिया। वही बॉम्बे फ़िल्म जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित की गई। साल 1994 में ही काजोल को यश चोपड़ा के बैनर तले बनी फिल्म 'ये दिल्लगी' में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में उनके नायक की भूमिका अक्षय कुमार और सैफ अली खान ने निभायी।
 
इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित की गई। साल 1995 में काजोल को यश चोपड़ा की ही फिल्म 'दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे' में काम करने का अवसर मिला जो उनके सिने करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। काजोल और शाहरुख खान के बेहतरीन अभिनय से सजी यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई।
 
साल 1997 में काजोल को निर्माता निर्देशक राजीव राय की फिल्म 'गुप्त' में काम करने का अवसर मिला। वह फिल्म भी सुपरहिट साबित हुई। फिल्म गुप्त में काजोल का किरदार ग्रे शेडस लिए हुए था। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ खलनायक के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गईं। फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास का पहला मौका था जब किसी अभिनेत्री को सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया था। 
 
webdunia
साल 1998 में काजोल के सिने करियर की एक और अहम फिल्म 'दुश्मन' रिलीज हुई। इस फिल्म में काजोल ने अपने सिने करियर में पहली बार दोहरी भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित की गईं।
 
साल 1998 में ही काजोल की प्यार तो होना ही था और कुछ कुछ होता है जैसी फिल्में रिलीज हुई। इन दोनों फिल्मों के लिए भी वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित की गईं। यह उनके सिने करियर में पहला अवसर था जब एक वर्ष में तीन फिल्मों के लिए उन्हें फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। साल 1999 में काजोल को सतीश कौशिक निर्देशित फिल्म 'हम आपके दिल में रहते है' में काम करने का मौका मिला।
 
फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए काजोल सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित भी की गईं। इसी वर्ष काजोल ने अभिनेता अजय देवगन के साथ शादी कर ली। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में काम करना काफी हद तक कम कर दिया।
 
साल 2001 में रिलीज फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के बाद काजोल ने फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया। साल 2006 में काजोल ने यश चोपड़ा के बैनर तले बनी फिल्म 'फना' के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में अपनी धमाकेदार वापसी की। काजोल के सिने करियर में उनकी जोड़ी अभिनेता शाहरुखखान के साथ खूब जमी। काजोल अपने सिने करियर में चार बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी है। साल 2011 में काजोल पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित की गईं।
 
काजोल ने साल 2015 में रिलीज फिल्म दिलवाले से कमबैक किया। रोहित धवन के निर्देशन में बनी फिल्म दिलवाले में शाहरुखके साथ काजोल की केमेस्ट्री को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। साल 2018 में काजोल की फिल्म हेलीकॉप्टर इला रिलीज हुई लेकिन कोई कमाल नहीं दिखा सकी। साल 2020 में काजोल ने अजय देवगन के साथ की फिल्म 'तानाजी : द अनसंग हीरो' में काम किया जो सुपरहिट साबित हुई। काजोल की हाल ही में वेब सीरीज द ट्रायल- प्यार कानून धोखा रिलीज हुई है। 
Edited By : Ankit Piplodiya 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

'चंद्रमुखी 2' से कंगना रनौट का लुक रिलीज, दिखा एक्ट्रेस का शाही अवतार