Publish Date: Wed, 20 May 2026 (13:43 IST)
Updated Date: Wed, 20 May 2026 (13:45 IST)
साउथ सिनेमा के 'मैन ऑफ मासेस' जूनियर एनटीआर 20 मई को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस मौके पर उनके फैंस को खास गिफ्ट मिला है। मंगलवार देर रात मेकर्स ने उनकी ब्लॉकबस्टर निर्देशक प्रशांत नील के साथ आने वाली फिल्म के नाम से पर्दा उठा दिया है।
इस प्रोजेक्ट को अब तक 'NTR-Neel' कहा जा रहा था, लेकिन अब इसका आधिकारिक टाइटल 'ड्रैगन' घोषित कर दिया गया है। मैत्री मूवी मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म की पहली झलक शेयर करते हुए लिखा— "और फिर शैतान का जन्म हुआ।"
लगभग साढ़े चार मिनट की इस फर्स्ट ग्लिम्प्स से फिल्म की कहानी के बारे में काफी कुछ अंदाजा लगाया जा सकता है। 'ड्रैगन' की पहली झलक सिर्फ एक साधारण टीज़र नहीं है, बल्कि यह प्रशांत नील द्वारा रचे गए एक विशाल और क्रूर सिनेमाई ब्रह्मांड का परिचय कराती है।
फिल्म की पृष्ठभूमि साल 1967 की है, जो भारत की आजादी के पहले और बाद के अंतरराष्ट्रीय अफीम व्यापार पर आधारित है। कहानी मुख्य रूप से दो बड़ी ताकतों— 'अफगान ट्रेडिंग कंपनी' और 'गोल्डन ट्राएंगल' के बीच छिड़ी खूनी जंग को दर्शाती है। इस काले साम्राज्य पर राज करने और अफीम के व्यापार को नियंत्रित करने के लिए खूंखार खलनायक आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं।
फिल्म में जूनियर एनटीआर एक बेकाबू और बेरहम हत्यारे की भूमिका में हैं, जिसका नाम 'ल्युगर' है। वह अफगान ट्रेडिंग कंपनी का 'असासिन-इन-चीफ' है। वीडियो में उनका लुक बेहद डरावना और दमदार है। वह लाशों के ढेर और बारूद के बीच खड़े होकर दुश्मनों के परखच्चे उड़ाते दिख रहे हैं।
ग्लिम्प्स में जूनियर एनटीआर का एक डायलॉग सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा शेयर किया जा रहा है— 'भगवान ने मुझे एक वरदान दिया है, ट्रिगर दबाते ही मैं सब कुछ भूल जाता हूं।' इस रोल के लिए अभिनेता ने जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन किया है, जिसमें वे पहले से काफी लीन और फुर्तीले नजर आ रहे हैं।
इस खूनी खेल को रोकने और अफीम सिंडिकेट को नेस्तनाबूद करने के लिए बॉलीवुड के एवरग्रीन स्टार अनिल कपूर की एंट्री हुई है। वे फिल्म में भारत के नारकोटिक्स ब्यूरो के चीफ 'रघुवीर राठौड़' की दमदार भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनके अलावा इस फिल्म में एक लंबी चौड़ी स्टार कास्ट की झलक दिखाई गई है।
फिल्म में अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत मुख्य महिला किरदार में हैं, जिनकी आवाज में ही इस ग्लिम्स का वॉयसओवर सुना जा रहा है। साथ ही बीजू मेनन, खुशबू सुंदर, गुरु सोमसुंदरम, आशुतोष राणा और राजीव कनकाला जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं।
मैत्री मूवी मेकर्स और एनटीआर आर्ट्स के बैनर तले बन रही इस मेगा बजट पैन-इंडिया फिल्म को रवि बसरूर ने संगीत दिया है। 'ड्रैगन' तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सहित 5 भाषाओं में रिलीज की जाएगी। हालांकि, इस सिनेमाई तबाही को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस को थोड़ा इंतजार करना होगा। 'ड्रैगन' 11 जून 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज के लिए शेड्यूल की गई है।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें