Publish Date: Tue, 11 May 2021 (17:36 IST)
Updated Date: Tue, 11 May 2021 (17:44 IST)
किच्चा सुदीप दक्षिण भारतीय फिल्मों में बड़ा नाम हैं, लेकिन उन्हें हिंदी फिल्म देखने वाले दर्शक भी भली-भांति जानते हैं। उनकी पिछली रिलीज फिल्म 'दबंग 3' थी जिसमें वे बॉलीवुड स्टार सलमान खान से दो-दो हाथ करते नजर आए थे।
अब जानिए, किच्चा सुदीप से जुड़ा एक किस्सा। सुदीप ने ज्यादातर फिल्मों में विलेनगिरी दिखाई है, लेकिन रियल लाइफ में भी विलेन बनने का एक उनका मजेदार किस्सा है। उन्हें बॉलीवुड स्टार अजय देवगन से नफरत हो गई थी। अजय के नाम से ही वे भड़क जाते थे। अजय की फोटो देख उनका खून उबलने लगा था।
आखिर इसकी क्या वजह थी? वजह थी अजय की पत्नी काजोल। काजोल के दुनिया भर में करोड़ों फैंस हैं, इनमें से एक किच्चा सुदीप भी हैं। काजोल ने फिल्मों में कदम रखा और सुदीप उनके फैन बन गए। काजोल के फोटो और पोस्टर वे मैगजीन से काट कर अपने कमरे के दीवारों पर लगाते थे। काजोल उनका क्रश थी।
इसी बीच काजोल को अजय देवगन से प्यार हो गया। अजय को अपना जीवनसाथी काजोल ने बना लिया। यह बात सुदीप बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्हें अजय से नफरत हो गई। अब इस बात को याद कर सुदीप हंसते हैं।