Publish Date: Sat, 28 Mar 2020 (16:47 IST)
Updated Date: Sat, 28 Mar 2020 (16:49 IST)
21 दिन के लॉकडाउन के कारण लोग इन दिनों घरों पर हैं। ऐसे में टीवी सीरियल्स की शूटिंग ना हो पाने के कारण पुराने एपिसोड फिर से टेलीकास्ट किए जा रहे हैं। ऐसे में फैंस एक बार फिर से 80 और 90 के दशक के टीवी सीरियल दिखाए जाने की मांग कर रहे हैं। लोगों की जबरदस्त मांग के बाद रामायण और महाभारत का प्रसारण एक बार फिर से कर दिया गया है।
अब शाहरुख खान के फेमस शो सर्कस की भी वापसी होने जा रही है। शाहरुख का पुराना शो सर्कस दूरदर्शन पर प्रसारित किया जाएगा। शाहरुख खान साल 1989 से लेकर 1990 तक दूरदर्शन पर पहले ही राज कर चुके हैं। अब 28 मार्च से एक बार फिर से इस सीरियल का प्रसारण किया जाएगा। इस सीरियल को रात 8 बजे से देख सकते हैं।
दूरदर्शन नेशनल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। दूरदर्शन ने ट्वीट किया, 'Shekharan is BACK, फ्रेंड्स घर पर रहिए और आपके फेवरेट स्टार शाहरुख खान का शो सर्कस (1989) देखिए दूरदर्शन पर 28 मार्च रात 8 बजे।'
इस खबर के सामने आने से फैंस के बीच गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। 19 एपिसोड वाला शाहरुख खान का शो सर्कस 1989 में पेश किया गया था। शाहरुख खान इस शो में शेखरण के किरदार में थे।
शो में शाहरुख खान के रोल को काफी पसंद किया गया था। शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की थी। उन्होंने फौजी, दिल दरिया जैसे फेमस टीवी शोज दिए हैं।