Publish Date: Thu, 28 Dec 2023 (17:38 IST)
Updated Date: Thu, 28 Dec 2023 (17:40 IST)
Tripti Dimri Not Casted For Aashiqui 3: फिल्म 'एनिमल' में रणबीर कपूर के साथ रोमांस करने के बाद एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी की लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ है। इस फिल्म के बाद से ही तृप्ति के पास कई प्रोजेक्ट की लाइन लगी हुई है। हाल ही में खबरें सामने आई कि तृप्ति अब 'आशिकी 3' में कार्तिक आर्यन के साथ रोमांस करते दिखेंगी।
हालांकि, अब इन खबरों पर फिल्म निर्माता मुकेश भट्ट ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। निर्माता मुकेश भट्ट की 'आशिकी 3' में कार्तिक आर्यन के साथ तृप्ति डिमरी की कास्टिंग की खबर बीते दिन सामने आई, लेकिन जब हालिया इंटरव्यू में मुकेश से तृप्ति की कास्टिंग को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी।
मुकेश भट्ट ने कहा, 'बकवास! यह बिल्कुल झूठ है। मैंने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक स्क्रिप्ट और संगीत तैयार नहीं हो जाते, हम कास्टिंग नहीं करेंगे, लेकिन हर कोई मेरी लोकप्रिय आशिकी फ्रेंचाइजी को भुनाना चाहता है। यह अस्वीकार्य है। मैं इस महिला से मिला भी नहीं हूं।'
मुकेश भट्ट ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि जब तक वह 'आशिकी 3' के संगीत से संतुष्ट नहीं होंगे फिल्म पर काम शुरू नहीं करेंगे। निर्माता ने कहा, 'एकमात्र नाम जिसे फाइनल किया गया है वह कार्तिक आर्यन हैं। कार्तिक और संगीत आशिकी 3 के सितारे हैं। बाकी सब कुछ संगीत मिलने के बाद होगा, उससे पहले नहीं।'
रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'एनिमल' में तृप्ति डिमरी के बोल्ड सीन खूब सुर्खियों में छाए रहे। फिल्म की ऐतिहासिक सफलता के बाद तृप्ति लगातार खबरों में बनी हुई हैं। हालांकि, मुकेश भट्ट के बयान से यह साफ हो गया है कि अभिनेत्री 'आशिकी 3' का हिस्सा नहीं हैं। साथ ही फिल्म में कौन सी अभिनेत्री मुख्य भूमिका में होंगी, यह जानने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
'आशिकी' फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 1990 में रिलीज हुई और इसमें राहुल रॉय और अनु अग्रवाल को लॉन्च किया गया। इसका निर्देशन महेश भट्ट ने किया था। यह फिल्म जबरदस्त म्यूजिकल हिट साबित हुई और दोनों नए कलाकार रातोंरात स्टार बन गए। दूसरी फिल्म, 'आशिकी 2' में आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर ने अभिनय किया और यह वर्ष 2013 में रिलीज हुई। मोहित सूरी द्वारा निर्देशित 'आशिकी 2' भी म्यूजिकल हिट रही। 'आशिकी 3' का निर्देशन अनुराग बसु करेंगे।
Edited By : Ankit Piplodiya
WD Entertainment Desk
Publish Date: Thu, 28 Dec 2023 (17:38 IST)
Updated Date: Thu, 28 Dec 2023 (17:40 IST)