Publish Date: Fri, 06 May 2022 (15:14 IST)
Updated Date: Fri, 06 May 2022 (15:16 IST)
बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म की कहानी कन्या भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक मुद्दे पर है। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' का टाइटल सॉन्ग रिलीज हो गया है।
इस गाने में पूरी फिल्म की एक छोटी सी झलक दिखाई गई है। गाने को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में रणवीर का किरदार 'जोरदार' होने वाला है। रणवीर सिंह अपने अंदाज से हर किसी को लुभा रहे हैं। फिल्म का टाइटल 'भाई तो एक दम जोरदार छे' में रणवीर एक सिंपल गुजराती लड़के की भूमिका में हैं।
गाने में रणवीर सिंह कभी अपनी पत्नी के साथ थोड़ा रोमांटिक होने की कोशिश करते नजर आते हैं तो कभी वह अपने पिता से बचने के बहाने ढूंढते दिख रहे हैं। इस गाने को आवाज विशाल डडलानी और कीर्ति सगाथिया ने दी है। जयदीप सहनी ने लिरिक्स दिया है।
फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' की कहानी कन्या भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक मुद्दे को ध्यान में रखकर लिखी गई है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा शालिनी पांडे, बोमन ईरानी और रत्ना पाठक जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 13 मई को सिनेमाघयों में रिलीज होगी।