Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बॉलीवुड के रिबेल स्टार थे शम्मी कपूर, अभिनय की नई शैली की थी विकसित

Advertiesment
हमें फॉलो करें Shammi Kapoor Birth Anniversary

WD Entertainment Desk

, सोमवार, 21 अक्टूबर 2024 (10:28 IST)
बॉलीवुड में शम्मी कपूर का नाम ऐसे अभिनेता के तौर पर याद किया जाता है, जिन्होंने उमंग और उत्साह के भाव को सिल्वर स्क्रीन पर बेहद रोमांटिक अंदाज में पेश किया। शम्मी कपूर को रिबेल स्टार, विद्रोही कलाकार, की उपाधि इसलिए दी गई क्योंकि उदासी, मायूसी और देवदास नुमा अभिनय की परम्परागत शैली को बिल्कुल नकार करके अपने अभिनय की नई शैली विकसित की।
 
शम्मी कपूर का जन्म 21 अक्टूबर 1931 को मुंबई में हुआ। शम्मी कपूर को अभिनय की कला विरासत में मिली। शम्मी कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर फिल्म इंडस्ट्री के महान अभिनेता थे। घर में फिल्मी माहौल होने पर शम्मी कपूर का रूझान भी अभिनय की ओर हो गया और वह भी अभिनेता बनने का ख्वाब देखने लगे। 
 
साल 1953 में रिलीज फिल्म जीवन ज्योति से बतौर अभिनेता शम्मी कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री का रूख किया। साल 1953 से 1957 तक शम्मी कपूर फिल्म इंडस्ट्री मे अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष करते रहे। इस दौरान एक के बाद एक उन्हें जो भी भूमिका मिली उसे वह स्वीकार करते चले गए। उन्होने ठोकर, लडकी, खोज, महबूबा, एहसान, चोर बाजार, तांगेवाली, नकाब, मिस कोकोकोला, सिपहसालार, हम सब चोर है और मेम साहिब जैसी कई फिल्मों मे अभिनय किया लेकिन इनमें से कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हुई।
 
शम्मी कपूर जब फिल्म इंडस्ट्री में आए तो उनका फिगर, आड़ी तिरछी अदाएं और बॉडी लैंग्वज फिल्म छायांकन की दृष्टि से उपयुक्त नही थे लेकिन बाद में यही अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र बन गया। उनके लिए संगीतकारों ने फड़कता हुआ संगीत युवा मन को बैचेन करने वाले बोल और गीतकारों को संगीतकारों के तैयार की गई धुन का बारीकी से अध्ययन करके गीत लिखने पड़े। इसे देखते हुए महान पाश्र्वगायक मोहम्मद रफी ने अपनी मधुर आवाज से जो शैली तैयार की वह उनके लिए सर्वथा उपयुक्त साबित हुई।
 
साल 1955 में शम्मी कपूर ने फिल्म अभिनेत्री गीताबाली से शादी कर ली। यह शादी जिन परिस्थतियों में हुई वे काफी दिलचस्प हैं। फिल्म इंडस्ट्री में गीताबाली उनसे काफी सीनियर थी। शम्मी कपूर और गीताबाली की जोड़ी फिल्म मिस कोका कोला के दौरान सुर्खियों मे आई थी। इसके बाद दोनों ने साथ में केदार शर्मा की फिल्म 'रंगीन रातें' में भी काम किया। बताया जाता है कि केदार शर्मा की फिल्म 'रंगीन रातें' के निर्माण के दौरान फिल्म अभिनेत्री माला सिन्हा और गीता बाली में शम्मी कपूर को लेकर झगड़ा हो गया था। 
 
बाद में केदार शर्मा के समझाने बुझाने पर दुबारा से फिल्म की शूटिंग शुरू हुई। फिल्म की शूटिंग होने के बाद शम्मी कपूर और गीताबाली जब मुंबई लौटकर आए तो दोनो ने निश्चय किया कि लोग उनके बारे में उल्टी सीधी बात कर रहे है। अत: दोनों को शादी कर लेनी चाहिए। 4 अगस्त 1955 को शम्मी कपूर ने गीताबाली को फोन किया और कहा 'मै तुम्हें लेने आ रहा हू। जब शम्मी कपूर गीता बाली को लेने उनके घर पहुंचे तो काफी रात भी हो चुकी थी और बारिश भी हो रही थी। दोनो मंदिर में गए। उस समय रात हो गई थी। दोनो मंदिर में ही रूके रहे। जब सुबह चार बजे पुजारी ने मंदिर में प्रवेश किया तो तभी उनकी शादी हो सकी।
 
शम्मी कपूर के अभिनय का सितारा निर्देशक नासिर हुसैन की साल 1957 में रिलीज फिल्म 'तुमसा नहीं देखा' से चमका। बेहतरीन गीत, संगीत और अभिनय से सजी इस फिल्म की कामयाबी ने शम्मी कपूर को ,स्टार, के रूप में स्थापित कर दिया। आज भी इस फिल्म के सदाबहार गीत दर्शकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। साठ के दशक में शम्मी कपूर शोहरत की बुंलदियों पर जा पहुंचे। जब कभी फिल्म निर्माताओं को किसी नई नायिका को फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित करने का मौका देना होता था, वे उसे शम्मी कपूर की नायिका के रूप में अपनी फिल्म में लेते थे। इन नायिकाओं में सायरा बानो (जंगली), आशा पारिख (दिल दे के देखो), साधना (राजकुमार) और शर्मिला टैगोर (कश्मीर की कली) शामिल है।
 
शम्मी कपूर ने अपने पांच दशक के सिने करियर में लगभग 200 फिल्मों में काम किया। उनकी कुछ उल्लेखनीय फिल्में रंगीन रातें, तुमसा नही देखा, मुजरिम, उजाला दिल देके देखो, जंगली, प्रोफेसर चाइना टाउन, ब्लफ मास्टर, कश्मीर की कली, राजकुमार, जानवर, तीसरी मंजिल, ऐन इवनिंग इन पेरिस, ब्रह्मचारी, तुमसे अच्छा कौन है, प्रिंस, अंदाज, जमीर, परवरिश, प्रेम रोग, विधाता, देशप्रेमी, हीरो विधाता है। 
 
आज के दौर में इंटरनेट के कई लोग दीवाने है। दिलचस्प बात यह है कि शम्मी कपूर फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं, देश मे भी इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले कुछ प्रारंभिक लोगों में है। अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर खास पहचान बनाने वाले शम्मी कपूर 14 अगस्त 2011 को इस दुनिया को अलविदा कह गए।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सोहेल खान संग शादी के लिए जिस शख्स संग सीमा सजदेह ने तोड़ी थी सगाई, अब उसी को कर रहीं डेट