बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर सोनू निगम बीते कुछ दिनों विवादों में घिरे हुए हैं। 25 अप्रैल को सोनू निगम ने बेंगलुरु कॉन्सर्ट के दौरान एक फैन को फटकार लगाते हुए कहा था कि 'यही कारण है, पहलगाम में जो हुआ था ना... यही कारण है जो तुम कर रहो, जो अभी किया था। देखो तो सामने कौन खड़ा है।'
दरअसल, फैन सोनू निगम से बार-बार कन्नड़ में गाना गाने के लिए शोर मचा रहा था। लेकिन सोनू निगम पहलगाम हमले का जिक्र करके मुश्किल में फंस गए। इसके बाद एक प्रो-कन्नड़ ऑर्गनाइजेशन ने सोनू निगम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
विवाद बढ़ने के बाद सोनू निगम ने अपने कन्नड़ फैंस से माफी भी मांगी। लेकिन फिर भी सोनू निगम के खिलाफ कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री ने कड़ा फैसला लिया है। अपकमिंग कन्नड़ फिल्म 'कुदल्ली कील्यावुडो' से सोनू निगम के गाए गाने को हटा दिया गया है।
फिल्म के मेकर्स ने एक बयान जारी करके कहा, इसमें कोई संदेह नहीं है कि सोनू निगम एक अच्छे गायक हैं। लेकिन, हाल ही में एक कॉन्सर्ट में उन्होंने जिस तरह से कन्नड़ के बारे में बात की, उससे हम बहुत नाराज हैं। हम सोनू निगम द्वारा कन्नड़ का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते, इसलिए हमने गाना हटा दिया है।
रामानारायण द्वारा निर्देशित 'कुदल्ली कील्यावुडो' के लिए सोनू निगम ने 'मनसु हाडड़े' गाना गाया था। इस गाने को मनोमूर्ति ने कंपोज किया और योगराज भट्ट ने लिखा है। मेकर्स ने अब इस गाने कन्नड़ सिंगर चेतन से रिकॉर्ड करवाने का फैसला किया है।
सोनू निगम ने मांगी थी माफी
सिंगर ने एक पोस्ट शेयर करके इस पूरे विवाद पर माफी मांगते हुए इसपर विराम लगाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा था, सॉरी कर्नाटक, आपके लिए मेरा प्यार मेरी ईगो से भी बड़ा है। मैं आपसे हमेशा प्यार करता रहूंगा। मैंने हमेशा ही हर राज्य, हर भाषा, संस्कृति और लोगों को प्यार दिया है। पर वह कोई युवा नहीं हैं, जो अपमान सह सकें। वह 51 साल के हैं, और नाराज होने का हक है।