Publish Date: Fri, 17 Jun 2022 (14:12 IST)
Updated Date: Fri, 17 Jun 2022 (14:14 IST)
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' बीते कई सालों से दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है। इस शो के हर किरदार ने दर्शकों के दिल में एक अलग जगह बनाई है। लेकिन बीते कुछ समय से तारक मेहता के कई कलाकार इस शो को अलविदा कह चुके हैं। शो में जहां एक ओर दयाबेन की लोग वापसी का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं तो वहीं शो के एक और अहम किरदार शैलेश लोढ़ा के शो छोड़ने की खबरें भी कई दिनों से आ रही हैं।
शैलेश लोढ़ा कई दिनों से शो से गायब है। वह शो में तारक मेहता का किरदार निभाते नजर आते हैं। हाल ही में शैलेश लोढ़ा अपने नए शो 'वाह भाई वाह' के लॉन्च इवेंट के दौरान मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उनसे शो तारक मेहता में वापसी को लेकर सवाल पूछा गया।
इसपर शैलेश लोढ़ा ने पहले तो जवाब देने से इनकार कर दिया। बाद में उन्होंने कहा, 'आज हम यहां वाह भाई वाह के लिए हैं तो सिर्फ उसकी ही बातें करते हैं।'
खबरों के अनुसार शैलेश लोढ़ा अपने कॉन्ट्रैक्ट से खुश नहीं थे। उनका कहना था कि उनकी डेट्स शो में सही ढंग से इस्तेमाल में नहीं ली जा रही हैं। हालांकि तारक मेहता शो छोड़ने को लेकर ना तो एक्टर और ना ही मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है।
इस बीच शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने शो में दयाबेन की वापसी पर मुहर लगा दी है. लेकिन शो में दयाबेन के रोल में दिशा वकानी नहीं बल्कि नई एक्ट्रेस इस रोल को निभाते नजर आएंगी. खास बात है कि नई दयाबेन की खोज के लिए ऑडिशन भी शुरू कर दिए गए हैं.