Publish Date: Wed, 13 Nov 2024 (13:54 IST)
Updated Date: Wed, 13 Nov 2024 (13:55 IST)
विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म '12वीं फेल' को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। इस फिल्म में विक्रांत मैसी और मेघा शंकर मुख्य किरदार में नजर आए थे। बीते दिनों विधु विनोद चोपड़ा ने '12वीं फेल' के प्रीक्वल का ऐलान किया था।
इस फिल्म का नाम' जीरो से रीस्टार्ट' होगा। वहीं अब मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है। 2 मिनट 5 सेकंड का टीजर काफी धमाकेदार है। टीजर की शुरुआत में विधु विनोद चोपड़ा लोगों से पहले के 20 सेकंड में अपने पहले सपने के बारे में सोचने के लिए कहते हैं।
वह कहते हैं, इस अंधेरे में आप 20 सेकंड के लिए सोचिए जब आपने अपना पहला सपना देखा था। तो आपने कभी ये नहीं सोचा होगा और मां ये नहीं कहा होगा कि मां मैं एक्टर बनूंगा और गरीबों को तम्बाकू बेचूंगा। आप ऐसा कहते तो मां आपको एक चांटा मारती। या डॉक्टर बनूंगा मां और गरीबों को लूटूंगा। मैं गलत दवाइयां देकर पैसे कमाऊंगा।
या मैं इंजीनियर बनूंगा। रेत डालूंगा सीमेंट में और बहुत कमाई करूंगा। या मां मैं आईएएस ऑफिसर बनूंगा और इतना करप्ट बनूंगा कि पूरा का पूरा देश बेच डालूंगा। इसके बाद टीजर में '12वीं फेल' के उस सीन को दिखाया जाता है, जब मनोज कुमार अपना रिजल्ट देखने जाते हैं और उन्हें श्रद्धा बताती है कि वह सेलेक्ट हो गए हैं।
टीजर में आगे वॉयस ओवर आता है, आपने ऐसा कभी नहीं सोचा होगा। आज वापस उस पल पर चलते हैं। जब हमने अपना पहला सपना देखा था। जो शायद हम भूल चुके हैं। चल जीरो पर चलते हैं। चल यार खुद से मिलते हैं। तू हंसकर जी या रोकर जी। एक उम्र तक तो मुझको जीना है। जब आज नहीं कल मरना है। किस बात से इतना डरना है। चल फिर खुशियों से मिलते हैं। चल यार फिर खुद से मिलते हैं। चल वापस उस जीरो पर चलते हैं।
फिल्म 'जीरो से रीस्टार्ट' 13 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। विधु विनोद चोपड़ा के डायरेक्शन में बनी पिछली फिल्म '12वीं फेल' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही है। यह बायोग्राफिकल ड्रामा आईपीएस ऑफिसर मनोज कुमार शर्मा की कहानी है, जो गरीबी से उठकर आईपीएस अधिकारी बने।
About Writer
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें