Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

द एंग्री बर्ड्स मूवी : फिल्म समीक्षा

हमें फॉलो करें द एंग्री बर्ड्स मूवी : फिल्म समीक्षा

समय ताम्रकर

एंग्री बर्ड्स एक अत्यंत ही लोकप्रिय गेम है जिसके 6 साल के बच्चे से लेकर तो 80 साल के बूढ़े भी दीवाने हैं। इस खेल में अलग-अलग गुणों वाले वाले बर्ड्स के जरिये ग्रीन पिगीज़ को मारा जाता है। इस खेल में कई लेवल्स होते हैं और इन लेवल्स को जब तक आप पार नहीं कर लेते तब तक चैन से बैठना मुश्किल है। खेलने में यह सरल और मजेदार है। 
 
इस खेल में रेड, ब्लैक, येलो बर्ड्स काफी पसंद की जाती हैं और इनके इर्दगिर्द कहानी रच कर 'द एंग्री बर्ड्स मूवी' बनाई गई है। कम्प्यूटर एनिमेटेड इस फिल्म में एक्शन, एडवेंचर और कॉमेडी है। 
 
बर्ड आयलैंड में रहने वाला रेड बर्ड अक्सर नाराज रहता है। उसके साथी उसे आंखों के ऊपर मूंछ वाला कह कर चिढ़ाते हैं। रेड के गुस्से से परेशान होकर उसे एंगर मैनेजमेंट सीखने के लिए भेजा जाता है, जहां उसी की तरह चक (येलो बर्ड), बॉम्ब (ब्लैक बर्ड) और बिग रेड बर्ड भी अपने गुस्से को काबू में रखना सीख रहे हैं। इनमें अच्छी दोस्ती हो जाती है। 
 
उसी दौरान आयलैंड पर ग्रीन पिगीज़ आते हैं जिनके खतरनाक इरादे रेड और उसके साथी भांप जाते हैं, लेकिन बर्ड आयलैंड वाले उनका कहा नहीं मानते और पिगीज़ की लुभावनी बातों में फंस जाते हैं। बर्ड्स के सारे अंडे पिगीज़ ले भागते हैं। रेड और उसके साथी किस तरह से ये अंडे वापस लाते हैं ये फिल्म का सार है। 
द एंग्री बर्ड्स मूवी की शुरुआत बेहतरीन है। जिन्होंने ये गेम खेला है उन्हें इन बर्ड्स का बातें करना और एक्शन अच्छा लगता है। रेड बर्ड तो आपका दिल जीत लेता है। इनके कारनामे रोमांचित करते हैं। ग्रीन पिग्स के आने के बाद उम्मीद बंधती है कि कहानी में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, लेकिन थोड़ी निराशा होती है क्योंकि  कहानी सीधी और सपाट है। 
 
ग्रीन पिग्स से अंडे वापस लाने वाली बात रोमांचक नहीं है और क्या होने वाला है इसका अंदाजा लगाना आसान है। क्लाइमैक्स थोड़ा बेहतर हो सकता था यदि इसमें बर्ड्स के कुछ और कारनामे देखने मिलते। इसके बावजूद फिल्म आपको दिलचस्प किरदारों के कारण ज्यादातर समय बांध कर रखती है।  
 
फिल्म का एनिमेशन आंखों को सुकून देता है। रंग-बिरंगी बर्ड्स को एक साथ देखना मनोहारी है। रेड, येलो और ब्लैक बर्ड्स भरपूर मनोरंजन करते हैं। माइटी ईगल वाले सीन आपको गुदगुदाते हैं। 
 
निर्देशक क्ले केटिस और फेरगल रिली ने इस बात का ध्यान रखा है कि यह केवल बच्चों का ही नहीं बल्कि वयस्कों का भी मनोरंजन करे।
 
'द एंग्री बर्ड्स मूवी' उन लोगों को ज्यादा पसंद आएगी जिन्होंने ये गेम खूब खेला है। 
 
निर्देशक : क्ले केटिस, फेरगल रिली
थ्रीडी 
1 घंटा 37 मिनट 
रेटिंग : 3/5 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

वीरप्पन : फिल्म समीक्षा