Publish Date: Thu, 20 Sep 2018 (19:24 IST)
Updated Date: Thu, 20 Sep 2018 (19:29 IST)
पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन कर लिया है। इससे आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
गुरुवार को दोनों नेताओं ने लखनऊ में संयुक्त रूप से यह घोषणा की। जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस (छत्तीसगढ़-जे) और बसपा के इस गठबंधन से छत्तीसगढ़ की सियायत में उबाल आने की संभावना है। साथ ही यह भी तय हुआ कि गठबंधन की ओर से जोगी छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे।
छत्तीसगढ़ की सत्ता में लौटने के लिए छटपटा रही कांग्रेस के लिए यह गठजोड़ बड़ा झटका माना जा रहा है। समझौते के अनुसार राज्य की 90 में से 35 सीटों पर बसपा लड़ेगी, जबकि जोगी की पार्टी 55 सीटों पर भाग्य आजमाएगी। इससे पहले खबरें थीं कि बसपा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकती है।
इस गठबंधन की घोषणा के बाद राज्य में कांग्रेस की चुनौतियां और बढ़ गई हैं साथ ही मुख्यमंत्री रमनसिंह और भाजपा के लिए यह राहत भरी खबर हो सकती है।