Publish Date: Sat, 26 Oct 2024 (11:52 IST)
Updated Date: Sat, 26 Oct 2024 (12:05 IST)
Chhatisgarh news : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार सुबह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुर्मू शुक्रवार से राज्य के 2 दिवसीय दौरे पर हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति ने मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र जी और सुभद्रा जी की पूजा-अर्चना की और देश के लोगों की खुशहाली, समृद्धि और प्रगति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि उनके साथ राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अन्य जनप्रतिनिधि भी थे।
वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के तीन साल बाद वर्ष 2003 में यहां पुरी (उड़ीसा) के जगन्नाथ मंदिर की तरह भगवान जगन्नाथ मंदिर का निर्माण किया गया। मंदिर का मुख्य ढांचा ऊंचे चबूतरे पर बना है। मंदिर में उड़ीसा से लाई गई नीम की लकड़ी से बनी मूर्तियां स्थापित की गई हैं।
मंदिर में पूजा—अर्चना के बाद राष्ट्रपति भिलाई के लिए रवाना हो गईं, जहां वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), भिलाई के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगी।
अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू बाद में राजधानी रायपुर लौट आएंगी और नवा रायपुर में पंडित दीनदयाल मेमोरियल स्वास्थ्य विज्ञान और आयुष विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगी।