Publish Date: Mon, 15 Jun 2020 (12:09 IST)
Updated Date: Mon, 15 Jun 2020 (12:12 IST)
जयपुर। राजस्थान में कोरोनावायरस संक्रमण से सोमवार को 2 और लोगों की मौत के बाद राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 294 हो गई है, वहीं 78 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर सोमवार को 12,722 हो गए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार को उदयपुर में 1 संक्रमित मरीज की जान चली गई। अन्य राज्य के 1 संक्रमित की भी यहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे राज्य में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 294 हो गई है। केवल जयपुर में ही कोरोनावायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 133 है जबकि जोधपुर में 27, कोटा में 18, भरतपुर में 17, अजमेर में 12 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों के 19 रोगियों की भी यहां मौत हुई है।
सोमवार सुबह 1.30 बजे तक राज्य में संक्रमण के 78 नए मामले सामने आए। इनमें से जयपुर में 29, झुंझुनू में 18, अलवर में 9, गंगानगर में 5, सवाई माधोपुर में 5 व कोटा तथा भरतपुर में 2-2 नए मामले सामने आए। राजस्थान में कोरोनावायरस संक्रमण के कुल मामलों में 2 इतालवी नागरिकों के साथ साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर तथा जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया था। राज्यभर में कोरोनावायरस संक्रमण के कारण कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है। (भाषा)