जम्मू कश्मीर में 36 घंटे का कोरोना कर्फ्यू आज रात 8 बजे से
कोरोना से निपटने की कमान अब उप राज्यपाल ने संभाली
Publish Date: Sat, 24 Apr 2021 (20:05 IST)
Updated Date: Sat, 24 Apr 2021 (20:10 IST)
जम्मू। जम्मू कश्मीर में कोरोनावायरस (Coronavirus) कोविड-19 से हालात बदतर होते जा रहे हैं। व्यवस्थाएं अब खुद वेंटिलेटर पर जाने लगीं हैं तो उप राज्यपाल मनोज सिन्हा को कमान संभालनी पड़ी है। अब उप राज्यपाल ने आज रात 8 बजे से पूरे प्रदेश में 36 घंटे का कोरोना कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। इसे आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं, यह हालात पर निर्भर करता है।
जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज रात 8 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक प्रदेश में पूरी तरह से लॉकडाउन करने का ऐलान किया है। एलजी कार्यालय की ओर से इस संबंध में ट्वीट कर जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि शनिवार 24 अप्रैल की रात 8 बजे से 26 अप्रैल सोमवार की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान सभी व्यापारिक प्रतिष्ठिान, बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे।
सरकार की ओर से यह फैसला केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को मद्देनजर रखते हुए लिया गया है। लॉकडाउन के दौरान जरूरी और आवश्यक सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों को छूट रहेगी। जरूरी और आवश्यक सेवाओं को इसमें छूट दी गई है।
हालांकि प्रशासन की ओर से पहले से ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में सरकार के दिशा-निर्देशों पर 50 प्रतिशत दुकानें ही खुलने की अनुमति है। इसी सप्ताह से सभी बाजारों में दुकानों के खुलने के दिन निर्धारित किए गए हैं। पुलिस सुबह बाजारों में घूम-घूमकर तयशुदा दिन के अनुसार ही दुकानें खुलने देती है।
इसके अलावा शहर में जगह-जगह पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बिना मास्क पहनकर बाजारों में घूम रहे लोगों को जुर्माना भी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से बार-बार सभी को शारीरिक दूरी का पालन करने, मास्क पहनने की अपील की जा रही है, लेकिन बावजूद इसके कुछ लोग सरकार द्वारा तयशुदा एसओपी का पालन नहीं कर रहे हैं।
About Writer
सुरेश एस डुग्गर
सुरेश डुग्गर वेबदुनिया के लिए जम्मू कश्मीर से समाचार संकलन के लिए अधिकृत हैं। वे तीन दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।....
और पढ़ें