Publish Date: Sun, 18 Oct 2020 (10:28 IST)
Updated Date: Sun, 18 Oct 2020 (10:31 IST)
नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस (CoronaVirus) से संक्रमित लोगों की संख्या 74,94,552 हो गई, वहीं संक्रमणमुक्त हुए लोगों की संख्या 66 लाख के करीब पहुंच गई। इस प्रकार संक्रमण से स्वस्थ होने वालों की दर 88.03 प्रतिशत हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 के 61,871 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 74,94,552 हो गए, वहीं संक्रमण से 1033 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,14,031 हो गई।
मंत्रालय ने कहा कि लगातार 10वें दिन उपचाराधीन लोगों की संख्या 9 लाख से कम रही है। देश में 7,83,311 लोगों का संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 10.45% है, वहीं 65,97,209 लोग अब तक संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। संक्रमण से मृत्यु दर 1.52 प्रतिशत हो गई है।
भारत में कोविड-19 के मामले 7 अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे जबकि 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख, 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख और 11 अक्टूबर को 70 लाख को पार कर गए।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार 16 अक्टूबर तक 9,42,24,190 नमूनों की जांच हुई जिनमें से शुक्रवार को 9,70,173 नमूनों की जांच की गई। (भाषा)