Publish Date: Thu, 16 Dec 2021 (10:32 IST)
Updated Date: Thu, 16 Dec 2021 (12:11 IST)
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 7,974 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 47 लाख 18 हजार 602 हो गई। देश में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के अब तक 73 मरीज मिले हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में 343 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,76,478 हो गई। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 87,245 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.25 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 317 की कमी दर्ज की गई है।
3 करोड़ 41 लाख 54 हजार 879 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.38 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है।
महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 925 और मरीजों की पुष्टि हुई जिनमें से 4 मामले ओमिक्रॉन स्वरूप के हैं तथा 10 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कुल मामले 66,46,061 पहुंच गए हैं जबकि मृतक संख्या 1,41,298 हो गई है। राज्य में अब तक कुल 32 ओमिक्रॉन मरीज मिले हैं।
देश में अब 135 करोड़ से ज्यादा कोरोना वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। बुधवार को शाम सात बजे तक 53,84,094 से अधिक खुराक दी गईं। स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को पहले चरण में टीका लगाने के साथ देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू किया गया था। इसके बाद, अग्रिम मोर्चे के कर्मियों का टीकाकरण 2 फरवरी से शुरू हुआ था। टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और अन्य बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष तथा उससे अधिक आयु के लोगों के लिए शुरू हुआ था। 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया था।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।
webdunia
Publish Date: Thu, 16 Dec 2021 (10:32 IST)
Updated Date: Thu, 16 Dec 2021 (12:11 IST)