Publish Date: Tue, 03 May 2022 (10:58 IST)
Updated Date: Tue, 03 May 2022 (12:22 IST)
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,568 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 30 लाख 84 हजार 913 हो गई। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 19,137 हो गई है। देश में 5 दिन बाद कोरोना के 3000 से कम नए मामले सामने आए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 20 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5 लाख 23 हजार 889 हो गई है। वहीं, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 19,137 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है।
अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.61 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.71 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4 करोड़ 25 लाख 41 हजार 887 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 189.23 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 20 मामले सामने आए, जिनमें से केरल में 15, पंजाब में तीन और महाराष्ट्र तथा मिजोरम में एक-एक मामला सामने आया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को कोविड-19 के 1,076 नए मामले सामने आए, जो एक दिन पहले की तुलना में लगभग 27 प्रतिशत कम है। हालांकि, संक्रमण दर बढ़कर 6.42 प्रतिशत हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18,85,636 हो गई है, जबकि मृतक संख्या 26,175 है।
इस बीच देश में कोरोना के नए XE वैरिएंट का पहला मामला मिलने की पुष्टि हो गई है। हालांकि पहला केस किस राज्य के किस शहर में मिला है, यह अभी पता नहीं चला है।
webdunia
Publish Date: Tue, 03 May 2022 (10:58 IST)
Updated Date: Tue, 03 May 2022 (12:22 IST)