Publish Date: Thu, 26 Mar 2020 (19:50 IST)
Updated Date: Thu, 26 Mar 2020 (19:52 IST)
पोर्ट ब्लेयर। कोरोना वायरस (Corona virus) ने अब अंडमान-निकोबार द्वीप को भी अपनी चपेट में ले लिया है और यहां एक व्यक्ति में इसके संक्रमण की पुष्टि हुई है।
अंडमान निकोबार प्रशासन के मुख्य सचिव चेतन संघी ने अपने ट्वीट में कहा कि एक व्यक्ति की जांच में पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। वह 24 मार्च को चेन्नई से लौटा था। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
संघी ने कहा कि द्वीप के लोगों को ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया के जरिए भी इस ताजा जानकारी से अवगत करा दिया गया है।
प्रशासन के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि अंडमान निकोबार में कोरोना संक्रमण के इस मामले के सामने आने के बाद पीड़ित के संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही बाहर से द्वीप में आने वालों की जानकारी ली जा रही है।
अंडमान निकोबार में कोविड-19 मामलों के नोडल अधिकारी डॉ. अभिजीत राय ने बताया कि करीब 1455 लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है।
इनमें 75 लोग अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से आए हैं। इसके अलावा उच्च स्तर पर संक्रमण की संदिग्धता वाले लोगों को सर्किट हाउस में रखा गया है। (वार्ता)