Publish Date: Tue, 25 May 2021 (23:11 IST)
Updated Date: Tue, 25 May 2021 (23:19 IST)
हैदराबाद। भारत बायोटेक ने मंगलवार को कहा कि उसे कोविड-19 के अपने टीके कोवैक्सीन के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन से जुलाई-सितंबर तक आपात इस्तेमाल मंजूरी (ईयूए) मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने कहा कि कोवैक्सीन के लिए 60 से अधिक देशों में नियामकीय मंजूरी प्रक्रिया में है जिसमें अमेरिका, ब्राजील, हंगरी जैसे देश शामिल हैं।
इसने एक बयान जारी कर कहा कि ईयूए के लिए आवेदन डब्ल्यूएचओ-जिनेवा को सौंप दिया गया है, नियामकीय मंजूरी जुलाई-सितंबर 2021 तक मिलने की उम्मीद है। टीका निर्माता ने कहा कि इसे 13 देशों में ईयूए हासिल हो गया है और अन्य कई अन्य देशों में मिलने की उम्मीद है। अधिकतर देशों ने कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण की अनुशंसा की है।
भारत बायोटेक ने कहा कि बिना टीका लगवाए यात्री नेगेटिव आरटी-पीसीआर जांच के साथ यात्रा कर सकते हैं, जब तक कि किसी देश ने विशिष्ट यात्रा पाबंदियां नहीं लगाई हों। (भाषा)