Publish Date: Wed, 09 Jun 2021 (15:39 IST)
Updated Date: Wed, 09 Jun 2021 (15:45 IST)
मेलबोर्न। ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे बड़े शहर मेलबोर्न में कोरोनावायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए चौथी बार लगाए गए लॉकडाउन की अवधि शुक्रवार को समाप्त हो जाएगी। हालांकि लॉकडाउन हटने के बावजूद कुछ पाबंदियां जारी रहेंगी। मेलबोर्न में रहने वाले 50 लाख लोगों को नजदीकी विक्टोरिया प्रांत समेत अन्य इलाकों में फिलहाल आने-जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।
मेलबोर्न के अधिकारियों ने कहा कि पिछले 24 घंटे के दौरान प्रांत में कोरोनावायरस संक्रमण का केवल एक नया मामला सामने आया है, जिसको देखते हुए दो सप्ताह से लागू लॉकडाउन को समाप्त करने का फैसला लिया गया है। मेलबोर्न में कोविड-19 का एक नया मामला सामने आने के बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या 68 हो गई है।
मेलबोर्न में शुक्रवार से लॉकडाउन हटने के बाद बच्चे स्कूल जा सकेंगे। इसके अलावा किसी गैर-जरूरी काम के सिलसिले में लोगों को 25 किलोमीटर दूर तक जाने की अनुमति होगी जोकि पहले केवल 10 किलोमीटर ही थी। (भाषा)