Publish Date: Sat, 30 May 2020 (21:05 IST)
Updated Date: Sat, 30 May 2020 (21:08 IST)
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदरसिंह ने शनिवार को लॉकडाउन की अवधि एक महीने के लिए बढ़ाकर 30 जून तक कर दी।
हालांकि विशेषज्ञों ने राज्य में मॉल और होटल नहीं खोलने का सुझाव दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लॉकडाउन के पांचवें चरण के लिए केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों पर अमल करेगी।
केंद्र ने राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में और अधिक छूट देने के लिए शनिवार को नए दिशा-निर्देश जारी किए।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि निषिद्ध क्षेत्रों में लॉकडाउन 30 जून तक जारी रहेगा और 8 जून से होटल, शॉपिंग मॉल आदि खोल दिए जाएंगे।
सिंह ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फेंस के जरिए हुई बैठक में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा करने के बाद यह निर्णय लिया।
अपने साप्ताहिक फेसबुक संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 का खतरा अभी टला नहीं है और यदि आवश्यक हुआ तो लोगों का जीवन बचाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। (भाषा)