Publish Date: Sat, 29 May 2021 (16:18 IST)
Updated Date: Sat, 29 May 2021 (16:22 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 1.82 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध हैं तथा अगले 3 दिन में उन्हें लगभग 5 लाख खुराक और उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र सरकार ने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को नि:शुल्क और राज्यों द्वारा सीधे खरीद श्रेणी के तहत अब तक 22.77 करोड़ से अधिक खुराक मुहैया कराई हैं।
मंत्रालय ने कहा कि शनिवार सुबह 8 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इनमें से 20,80,09,397 खुराक इस्तेमाल की जा चुकी हैं जिनमें बेकार हुई खुराक भी शामिल हैं। इसने कहा कि राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के पास कोविडरोधी टीके की अब भी 1.82 करोड़ (1,82,21,403) से अधिक खुराक उपलब्ध हैं। इसके साथ ही उन्हें अगले 3 दिन में 4,86,180 खुराक और मिलेंगी।
मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कोविडरोधी टीके नि:शुल्क उपलब्ध कराने में केंद्र उनकी मदद कर रहा है। इसने कहा कि वह राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को सीधे खरीद श्रेणी में टीका मुहैया कराने में भी सहायता कर रहा है। (भाषा)