Corona संक्रमित तिरुपति के सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद का दु:खद निधन, PM मोदी ने जताया शोक
Publish Date: Thu, 17 Sep 2020 (00:26 IST)
Updated Date: Thu, 17 Sep 2020 (00:48 IST)
तिरुपति (आंध्र प्रदेश)। तिरुपति (Tirupati) से लोकसभा सांसद (Lok Sabha MP) बल्ली दुर्गा प्रसाद राव (Balli Durga Prasad Rao) का बुधवार को यहां एक अस्पताल में निधन (Passed away) हो गया। वे कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमित थे और उनका इलाज चेन्नई के एक अस्पताल में चल रहा था।
परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस के 65 वर्षीय सांसद चेन्नई के अस्पताल में भर्ती थे। तीन सप्ताह पहले उनके कोरोनावायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राव तिरुपति की सुरक्षित सीट से पहली बार सांसद बने थे। तीन बार के विधायक और पूर्व राज्यमंत्री के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं।
मोदी ने ट्वीट किया, लोकसभा सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद के. राव गारू के निधन से दुखी हूं। वे अनुभवी नेता थे, जिन्होंने आंध्र प्रदेश की प्रगति में प्रभावी योगदान दिया था। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति है। ओम शांति।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी, उप मुख्यमंत्री के नारायण स्वामी, उद्योग मंत्री मेकापति गौतम रेड्डी और चित्तूर जिले के कई विधायकों ने प्रसाद की मौत पर दुख व्यक्त किया है। रेड्डी ने सांसद के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया।
उन्होंने कहा, पार्टी के लिए नुकसान। उन्होंने विधायक, मंत्री और सांसद के रूप में लोगों के कल्याण के लिए संघर्ष किया।पेशे से वकील राव ने तेदेपा के सदस्य के रूप में राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी और वे पहली बार 1985 में विधायक बने थे। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले वे वाईएसआरसी में शामिल हुए थे।
तिरुमला तिरुपति देवास्थनम बोर्ड के अध्यक्ष वाईवी सुब्बा रेड्डी ने भी सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया। अविभाजित आंध्र प्रदेश में 1995-96 में वे चंद्रबाबू नायडू के मंत्रिमंडल में स्कूली शिक्षामंत्री थे। वे नेल्लोर जिले के गुडूर से 1985,1994 और 2009 में विधायक निर्वाचित हुए।(भाषा)
अगला लेख