Publish Date: Fri, 31 May 2019 (01:29 IST)
Updated Date: Fri, 31 May 2019 (01:31 IST)
लंदन। दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर ने विश्व कप में पहला ओवर डालकर नया रिकॉर्ड बना डाला। गुरुवार को ताहिर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला ओवर डाला। बतौर स्पिनर वे दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने विश्व का शुरुआती ओवर डाला हो।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले ही ओवर में गेंद ताहिर को थमाई और इस लेग स्पिनर ने कप्तान को निराश नहीं करते हुए दूसरी ही गेंद पर जानी बेयरस्टा (0) को पैवेलियन भेज दिया।
ताहिर ने बेयरस्टा को गुगली से छकाया और यह सलामी बल्लेबाज विकेटकीपर क्विंटन डिकाक को कैच दे बैठा। विश्व कप 1992 के दौरान न्यूजीलैंड के ऑफ स्पिनर दीपक पटेल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा ओवर फेंका था।
ताहिर (40 साल और 64 दिन) साथ ही विश्व कप मैच में खेलने वाले दक्षिण अफ्रीका के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। पिछला रिकॉर्ड ओमार हेनरी के नाम था, जो 1992 में वेलिंगटन में 40 साल और 39 दिन की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ खेले थे।