Publish Date: Mon, 05 Apr 2021 (12:00 IST)
Updated Date: Mon, 05 Apr 2021 (12:06 IST)
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक क्रिकेट मैच में अर्द्धशतक के करीब पहुंच रहे बल्लेबाज ने 49 रन पर कैच आउट होने पर क्षेत्ररक्षक को मैदान में ही बल्ले से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। नगर पुलिस अधीक्षक रामनरेश पचौरी ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार को गोला का मंदिर पुलिस थाना क्षेत्र में मेला ग्राउंड में एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई।
उन्होंने बताया कि बल्लेबाज संजय पालिया ने 49 के स्कोर पर कैच आउट होने पर गुस्सा होकर क्षेत्ररक्षक सचिन पाराशर (23) की बल्ले से पिटाई कर दी। इससे पाराशर मैदान में ही बेहोश हो गया तथा अस्पताल में भी फिलहाल वह बेहोश है। पचौरी ने बताया कि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि पालिया के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। (भाषा)