Publish Date: Wed, 29 Jun 2022 (14:53 IST)
Updated Date: Wed, 29 Jun 2022 (14:58 IST)
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में 25 वर्षीय व्यक्ति ने मामूली विवाद में अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को प्लास्टिक की बोरी में ले जाते समय आरोपी युवक को पकड़ा है।
पनगर थाना प्रभारी आर. के. सोनी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को महाराजपुर इलाके में तलाशी के दौरान बाइक पर सवार एक युवक को रोका तो युवक ने बताया कि वह बोरी में सब्जियां ले जा रहा है। तलाशी में बोरी से शव मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी अमन वंशकार अपने पिता रामलाल (50) का शव बोरी में भरकर बाइक से सुनसान इलाके में उसे ठिकाने लगाने के लिए ले जा रहा था तभी महाराजपुर में वाहनों की जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके पिता नशे के हालत में उसे गाली दे रहे थे इसलिए उसने पिता का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या पनगर थाना क्षेत्र के बड़झैया गांव में हुई है।