एक्सिस माय इंडिया के प्रदीप गुप्ता ने समाचार चैनल सीएनएन न्यूज 18 से बातचीत में दावा किया कि नई दिल्ली और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सबसे लोकप्रिय पार्टी बनकर उभर रही है। अगर मतगणना में यह बात सच हुई तो दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनाव हार जाएंगे। इसी तरह पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर भी हार का खतरा मंडरा रहा है।
प्रदीप गुप्ता ने भविष्यवाणी की कि आम आदमी पार्टी कालकाजी, बाबरपुर और ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्रों में सबसे लोकप्रिय बनी हुई है। इस तरह मुख्यमंत्री आतिशी, गोपाल राय और सौरभ भारद्वाज को चुनाव जीतने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी। गुप्ता ने कहा कि उनकी एजेंसी हार जीत का अनुमान नहीं लगाती बल्कि यह बताती है कि कौन सी पार्टी ज्यादा लोकप्रिय है।
ALSO READ: दिल्ली चुनाव में काउटिंग से पहले Operation Lotus, विधायकों को 15-15 करोड़ का ऑफर
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में केजरीवाल का मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है। एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल इशारा कर रहे हैं कि यह विधानसभा क्षेत्र 2013 वाली कहानी एक बार फिर दोहरा सकता है। उस चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।
एक्सिस माय इंडिया को पटपड़गंज के स्थान पर जंगपुरा से चुनाव लड़ रहे मनीष सिसोदिया के मुकाबले भाजपा उम्मीदवार की स्थिति ज्यादा मजबूत नजर आ रही है।
उल्लेखनीय है कि 14 में से 11 एग्जिट पोल में भाजपा की बंपर जीत की भविष्यवाणी की गई है। मात्र 2 में आम आदमी पार्टी सत्ता में लौटती दिखाई दे रही है। मात्र 1 एग्जिट पोल दिल्ली में कांटे की टक्कर बता रहा है।
edited by : Nrapendra Gupta