Publish Date: Wed, 23 Dec 2020 (16:39 IST)
Updated Date: Wed, 23 Dec 2020 (16:46 IST)
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसानों से बुधवार को बात की और अपनी पार्टी टीएमसी के समर्थन का आश्वासन दिया। टीएमसी के एक नेता ने यह जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने दिल्ली की हरियाणा और उत्तरप्रदेश से लगी सीमाओं पर सभी प्रदर्शन स्थलों पर सोमवार को एक दिन की भूख हड़ताल करने वाले किसानों से मुलाकात के लिए हाल ही में 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भेजा था।
टीएमसी के एक नेता ने कहा कि हमारी पार्टी की प्रमुख ने प्रदर्शनकारी किसानों से फोन पर बात की। कुछ किसानों ने उनसे (ममता) धरनास्थल पर आने का अनुरोध किया है।
उन्होंने (ममता) किसानों को आश्वासन दिया है कि पार्टी उनकी मांगों का समर्थन करती है। इस महीने की शुरुआत में भी बनर्जी ने फोन पर प्रदर्शनकारी किसानों से बात की थी। (भाषा)