Publish Date: Mon, 25 Jun 2018 (16:16 IST)
Updated Date: Mon, 25 Jun 2018 (16:18 IST)
वोल्गोग्राद (रूस)। मोहम्मद सालाह ने मिस्र के अपने साथियों और अधिकारियों से कह दिया कि वे अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं, क्योंकि वे इस बात से नाराज हैं कि टीम के चेचेन्या में रहते हुए उनका राजनीतिक प्रतीक के रूप में उपयोग किया गया।
सालाह के दो करीबी लोगों ने गोपनीयता की शर्त पर कहा कि यह स्टार खिलाड़ी चेचेन नेता रमजान कादिरोव के व्यवहार से गुस्से में है जिन्होंने टीम के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया था। कादिरोव ने इस अवसर का उपयोग सालाह को ‘मानद नागरिकता’ देने के लिए किया था।
कादिरोव पर मानव अधिकारों के उल्लंघन का आरोप है। मिस्र फुटबॉल महासंघ के प्रवक्ता ओसामा इस्माइल ने कहा कि सालाह ने महासंघ से कोई शिकायत नहीं की है। उन्होंने कहा, सालाह अपने ट्विटर अकाउंट पर जो भी लिखते हैं, उसे ही सही माना जाना चाहिए। (भाषा)