Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

FIFA WC 2018 : कोस्टा के निर्णायक गोल से स्पेन ने ईरान को 1-0 से हराया, पहली बार रैफरी का फैसला बदला

Advertiesment
हमें फॉलो करें FIFA WC 2018 : कोस्टा के निर्णायक गोल से स्पेन ने ईरान को 1-0 से हराया, पहली बार रैफरी का फैसला बदला
, गुरुवार, 21 जून 2018 (01:44 IST)
कजान। 2014 के फीफा विश्व कप में ग्रुप स्टेज में ही बाहर होने वाली और 2010 की चैम्पियन स्पेन की टीम ने आज ‍वर्ल्ड कप के ग्रुप 'बी' के मैच में ईरान को 1-0 से हराकर अंतिम 16 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। स्पेन के लिए मैच का एकमात्र गोल डिएगो कोस्टा ने किया। खेल के अंतिम क्षणों में ईरान को बराबरी करके के कई मौके मिले लेकिन कमजोर ‍फिनिशिंग के अभाव में वह कामयाब नहीं हो सका।
 
फीफा विश्व कप में पहली बार स्पेन और ईरान की टक्कर थी। एशियाई प्रतिनिधित्व कर रही ईरान ने यूरोप के सुपर पावर कहे जाने वाले स्पेन को जोरदार टक्कर दी। कई मौकों पर उसने स्पेन पर दबाव भी बनाया। खेल का पहला भाग गोलरहित बीता। ईरान की रक्षापंक्ति ने डिएगो कोस्टा को सेंध लगाने का कोई मौका नहीं दिया।
 
पुर्तगाल के खिलाफ स्पेन ने अपना पहला मैच 3-3 के स्कोर पर ड्रॉ खेला था, जिसमें डिएगो कोस्टा ने 2 गोल दागे थे। आज के मैच में उन्होंने 54 वें मिनट पर अपनी टीम के लिए निर्णायक गोल किया। तीन गोल के साथ ही कोस्टा ने रूस के चेरीशेव के साथ दूसरे नंबर की बराबरी कर ली है। पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो 4 गोल के साथ शीर्ष पर चल रहे हैं।
इस मैच में नाटकीय मोड़ तब देखने को मिला, जब ईरान के स्ट्राइकर ईजातोलाही ने 63वें मिनट में गोल दाग दिया। पूरी टीम बराबरी के गोल से झूम उठी लेकिन उनकी यह खुशी जल्दी ही काफुर हो गई। स्पेनिश खिलाड़ियों के विरोध के बाद मैदानी अंपायर ने फैसले के लिए वीएआर का सहारा लिया। 
 
इसमें ईरानी खिलाड़ी को ऑफ साइड घोषित कर दिया। इस तरह रैफरी को अपना फैसला बदलना पड़ा। विश्व कप इतिहास में यह पहला मौका था, जब वीएआर के कारण मैदानी रैफरी के गोल देने के फैसले को निरस्त किया गया हो।
 
स्पेन के डिफेंडर गेरार्ड पीके को यह जीत हमेशा यादगार रहेगी क्योंकि आज वे अपने फुटबॉल कॅरियर का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे थे। ईरान को इसी से खुश रहना चाहिए कि उसने 2010 की विश्व चैम्पियन स्पेन को 90 मिनट तक संघर्ष करवाया। इस तरह स्पेन कोस्टा के निर्णायक गोल के बूते पर यह मुकाबला 1-0 से जीता।
 
 
20 जून को खेले गए मैचों के अन्य परिणाम 
ग्रुप 'बी' में पुर्तगाल ने मोरक्को 1-0 से शिकस्त दी 
ग्रुप 'ए' में उरूग्वे ने सऊदी अरब को 1-0 से हराया 
 
21 जून को खेले जाने वाले मैचों का लाइन-अप
ग्रुप 'सी' में डेनमार्क का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से शाम 5.30 बजे से 
ग्रुप 'सी' में फ्रांस का मुकाबला पेरू से रात 8.30 बजे से 
ग्रुप 'डी' में अर्जेन्टीना का मुकाबला क्रोएशिया से रात 11.30 बजे से 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

यो यो टेस्ट पास कर रोहित शर्मा ने आलोचकों को दिया जवाब