Publish Date: Mon, 20 Mar 2023 (19:41 IST)
Updated Date: Mon, 20 Mar 2023 (19:45 IST)
- ईशु शर्मा
अक्सर आपने कई वेब सीरीज़ या लोगों से सुना होगा कि "दिल्ली एनसीआर से हम" और आपके मन में भी कभी न कभी ये खयाल आया होगा कि आखिर दिल्ली और एनसीआर (NCR) में अंतर क्या है? साथ ही अगर दिल्ली और एनसीआर अलग है तो नई दिल्ली किसे कहा जाता है? आज इस आर्टिकल के ज़रिए हम आपको तीनों जगह में अंतर बताएंगे तो चलिए जानते हैं दिल्ली, नई दिल्ली और एनसीआर में अंतर:-
1. दिल्ली : दिल्ली एक केंद्र शासित प्रदेश है जिसके अंतर्गत 11 जिले हैं और हर जिले की अपनी तहसील भी है। इन जिलों को दिशा अनुसार विभाजित किया गया है जैसे उत्तर, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, नई दिल्ली, मध्य, शाहदरा और पूर्व।
2. नई दिल्ली : नई दिल्ली जो आज भारत की राजधानी है असल में 20वीं सदी में ब्रिटिश सरकार द्वारा बनाई गई थी। 20वीं सदी में जब ब्रिटिश सरकार ने अपनी राजधानी कोलकाता से बदलकर दिल्ली की तो उन्होंने दिल्ली केंद्र शासित प्रदेश में नई दिल्ली जिले का निर्माण किया जो ब्रिटिश काल से अब तक भारत की राजधानी है। सरल शब्दों में कहा जाए तो नई दिल्ली, दिल्ली केंद्र शासित प्रदेश का सिर्फ एक शहर/जिला है।
3. एनसीआर (National Capital Region) : एनसीआर का मतलब है नेशनल कैपिटल रीजन (National Capital Region) और ये रीजन दिल्ली केंद्र शासित प्रदेश के साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को मिलाकर बना है। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो दिल्ली केंद्र शासित प्रदेश के साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 24 जिलों को मिलाकर एनसीआर बनता है।
अंत में संक्षेप्त में कहा जाए तो
1. दिल्ली = केंद्र शासित प्रदेश
2. नई दिल्ली = दिल्ली केंद्र शासित प्रदेश का शहर और भारत की राजधानी
3. एनसीआर = दिल्ली केंद्र शासित प्रदेश + हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के 24 जिले।