Publish Date: Tue, 08 Feb 2022 (18:07 IST)
Updated Date: Tue, 08 Feb 2022 (18:12 IST)
पणजी। भाजपा ने गोवा में 14 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी कर अगले 10 वर्षों में गोवा को 50 अरब डॉलर की अर्थव्यस्था बनाने का वादा किया। साथ ही, खनन गतिविधियां बहाल करने और सभी के लिए आवास उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और गोवा भाजपा अध्यक्ष सदानंद सेठ तनवडे की उपस्थिति में गोवा के भविष्य को सशक्त करने, पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने, वैध खनन बहाल करने और राज्य में बहुआयामी गरीबी का उन्मूलन करने की बात कही।
सत्तारूढ़ दल ने कहा कि हम निरंतर कोशिशों से गोवा को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे, ताकि राज्य अगले 10 वर्षों में 50 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाए।
भाजपा ने तटीय राज्य में सभी 40 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी ने अगले पांच वर्षों में राज्य में बहुआयामी गरीबी का उन्मूलन करने का वादा किया।
घोषणापत्र में कहा गया है कि हम गरीबों को समयबद्ध तरीके से और प्रत्यक्ष नकद अंतरण के जरिए सामाजिक कल्याण के लाभ उपलब्ध कराएंगे। हम दीनदयाल स्वास्थ्य सेवा योजना के तहत वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाकर 3,000 रुपए प्रति महीने कर देंगे।