Publish Date: Sun, 02 Feb 2025 (10:00 IST)
Updated Date: Sun, 02 Feb 2025 (11:00 IST)
Gujrat news in hindi : गुजरात के डांग जिले में रविवार सुबह तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस सापुतारा हिल स्टेशन के पास गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 15 गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक एसजी पाटिल ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब चार बजकर 15 मिनट पर हुई, जब सापुतारा हिल स्टेशन के निकट चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। 48 तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस अवरोधक को तोड़कर लगभग 35 फुट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 2 महिलाओं और 3 पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को अहवा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ अन्य को मामूली चोटें आई हैं। बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब बस महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से 48 तीर्थयात्रियों को लेकर गुजरात के द्वारका जा रही थी। तीर्थयात्री मध्य प्रदेश के गुना, शिवपुरी और अशोक नगर जिलों के थे।
edited by : Nrapendra Gupta