Publish Date: Mon, 21 Oct 2019 (19:41 IST)
Updated Date: Mon, 21 Oct 2019 (21:13 IST)
नई दिल्ली। हरियाणा में एक बार फिर भाजपा सरकार बनती दिख रही है। यदि एक्जिट पोल पर भरोसा करें तो भाजपा पिछली बार की तुलना में ज्यादा सीटें जीतती दिख रही है।
उल्लेखनीय है कि 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के लिए 21 अक्टूबर को मतदान हुआ, जबकि मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। टाइम्स नाउ के एक्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को 71 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस महज 11 सीटों पर सिमट सकती है और अन्य को 8 सीटें मिल सकती हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 47 सीटें मिली थीं।
इंडिया न्यूज-पोल स्ट्रैट के मुताबिक भाजपा 75 से 80, कांग्रेस 9-12 और अन्य को 1-4 सीटें मिल सकती हैं। वहीं रिपब्लिक टीवी-जन की बात के पोल के मुताबिक भाजपा को 52 से 63 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस 15 से 19 सीटें जीत सकती हैं, वहीं 12 से 19 सीटें अन्य दलों के खाते में जा सकती हैं।
इसी तरह एबीपी-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक भाजपा 72, कांग्रेस 8 और अन्य दल 10 सीटें जीतने में सफल हो सकते हैं। टीवी 9 भारतवर्ष के पोल के मुताबिक भाजपा को 69, कांग्रेस को 11 और अन्य को 10 सीटें मिल सकती हैं।
सीएनएन न्यूज भाजपा को 90 में से 75 सीटें मिल सकती हैं, वहीं कांग्रेस 10 पर सिमट सकती है, अन्य को 5 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को पिछले चुनाव में 15 सीटें मिली थीं। न्यूज एक्स के के पोल के मुताबिक भाजपा 75 से 80 सीटें जीत सकती है, जबकि कांग्रेस 9 से 12 सीटों हासिल कर सकती है और 1 से 4 सीटें अन्य दलों की झोली में जा सकती हैं।