Publish Date: Thu, 05 Sep 2024 (08:38 IST)
Updated Date: Thu, 05 Sep 2024 (10:00 IST)
भाजपा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लाडवा सीट से उम्मीदवार बनाने के साथ पार्टी में हाल ही में शामिल हुए कई लोगों को टिकट दिए हैं। इससे कई नेता नाराज बनाए जा रहे हैं। पार्टी ने रतिया से लक्ष्मण नापा का टिकट काटकर सुनीता दुग्गल को चुनाव मैदान में उतारा है। दुग्गल सिरसा से सांसद रह चुकी हैं। टिकट की घोषणा होते ही विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया।
हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांडी और ओबीसी मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष कर्णदेव भी भाजपा से टिकट की मांग कर रहे थे। दोनों दिग्गजों ने पार्टी के फैसले पर नाराजगी जताते हुए पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
नवीन गोयल भी नाराज : इधर गुरुग्राम में टिकट नहीं मिलने से भाजपा नेता नवीन गोयल भी नाराज बताए जा रहे हैं। पार्टी ने यहां से मुकेश शर्मा को टिकट दिया है। बुधवार को ही पदयात्रा के जरिए नवीन गोयल ने अपनी ताकत दिखाई थी। सैकड़ों लोगों ने गोयल की पदयात्रा में हिस्सा लिया था। उनका कहना है कि गुरुग्राम की जनता मेरे राजनीतिक भविष्य के बारे में फैसला करेगी।
ALSO READ: हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को लग सकता है तगड़ा झटका
चौटाला का भी टिकट कटा : राज्य सरकार में मंत्री रणजीत सिंह चौटाला को सिरसा जिले की रानिया सीट से मैदान में नहीं उतारा गया है। उन्हें इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार बनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने उनकी जगह शीशपाल कंबोज को मैदान में उतार दिया है।
पार्टी में आए JJP नेताओं को टिकट : कुछ दिन पहले जननायक जनता पार्टी (JJP) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए देवेंद्र सिंह बबली, संजय कबलाना और श्रुति चौधरी क्रमश: टोहाना, बेरी और तोशाम सीट से चुनाव लड़ेंगे। हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं महापौर शक्ति रानी शर्मा कालका से चुनाव लड़ेंगी। जजपा के बागी राम कुमार गौतम सफीदों से चुनाव लड़ेंगे।
Edited by : Nrapendra Gupta