Publish Date: Sat, 21 Sep 2024 (13:19 IST)
Updated Date: Sat, 21 Sep 2024 (13:24 IST)
haryana elections 2024 : हरियाणा चुनाव के बीच भुपिन्दर सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा में मनमुटाव की खबरों से जहां कांग्रेस में सियासत गर्म है वहीं भाजपा बेहद खुश नजर आ रही है। केंद्रीय मंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शैलजा को भाजपा में शामिल होने का ऑफर दिया है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या चुनाव के ठीक पहले शैलजा इस ऑफर को स्वीकार कर भाजपा में शामिल होंगी।
क्यों नाराज है शैलजा : हरियाणा चुनाव में टिकट वितरण के दौरान हु्ड्डा समर्थकों को ज्यादा टिकट दिए जाने से कुमारी शैलजा नाराज बताई जा रही है। वे अभी भी मजबूती से मुख्यमंत्री पद पर अपना दावा ठोंक रही है। हालांकि सैलजा का यह भी कहना है कि कांग्रेस जिन राज्यों में विपक्ष में होती है वहां आमतौर पर मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं करती है।
कांग्रेस पर गुटबाजी हावी : हरियाणा चुनाव में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की स्थिति इस बार भाजपा की अपेक्षा कुछ मजबूत नजर आ रही है। वह भाजपा के खिलाफ एंटी इंकंमबेंसी का फायदा उठाना चाह रही है। हालांकि राज्य में पार्टी दो अलग अलग धड़ों में बंटी हुई नजर आ रही है।
कांग्रेस के एक गुट का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कर रहे है तो दूसरे गुट की अगुवाई सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा कर रही है। शैलजा को वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का भी साथ मिलता नजर आ रहा है।
हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और आठ अक्टूबर को मतगणना होगी।
edited by : Nrapendra Gupta