Publish Date: Thu, 15 Feb 2024 (12:37 IST)
Updated Date: Thu, 15 Feb 2024 (12:56 IST)
Fatty Liver Ayurvedic Treatment: फैटी लिवर की समस्या आजकल लोगों में आम हो गई है। फैटी लिवर होने पर लिवर की कोशिकाओं में अधिक मात्रा में फैट इकट्ठा हो जाता है। इसकी वजह से पेट में दर्द, भूख न लगना, पैरों में सूजन, थकान और कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। खराब जीवनशैली, गलत खानपान, एक्सरसाइज न करना और अत्यधिक शराब के सेवन के कारण फैटी लिवर की समस्या हो सकती है।
अगर समय पर इसका इलाज न किया जाए, तो लिवर डैमेज होने की सम्भावना भी बढ़ जाती है। हालांकि, सही खानपान और हेल्दी लाइफस्टाइल के साथ लिवर को स्वस्थ रखा जा सकता है। इसके अलावा, कुछ आयुर्वेदिक उपायों की मदद से भी फैटी लिवर की समस्या से निजात मिल सकता है। इस आलेख में हम आपको फैटी लिवर के लिए कुछ आयुर्वेदिक उपाय बताने जा रहे हैं।
एलोवेरा आयुर्वेद में महत्त्वपूर्ण स्तन रखता है और फैटी लिवर की परेशानी को दूर करने के लिए यह बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। यह लिवर में जमा फैट और गंदगी को साफ करता है। साथ ही, लिवर की कार्यक्षमता में भी सुधार करता है। सुबह खाली पेट एक गिलास गर्म पानी में एक चम्मच ऐलोवेरा जूस मिलाकर सेवन करने से लाभ मिलता है।
आंवले में विटामिन-सी भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन में सुधार करने और शरीर में मौजूद टॉक्सिंस को बाहर निकालने में मदद करता है। आंवला फैटी लिवर की परेशानी को ठीक करने में काफी कारगर है। नियमित रूप से आंवला जूस का सेवन करने से लिवर की सफाई होती है और फैटी लिवर की समस्या से राहत मिल सकती है।
करी पत्ता में एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण मौजूद होते हैं, जो फैटी लिवर की समस्या को दूर करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, करी पत्ता में विटामिन-ए और विटामिन-सी मौजूद होते हैं, जो लिवर से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं। सुबह खाली पेट करी पत्ते के पानी का सेवन करने से फैटी लिवर की परेशानी दूर हो सकती है। आप करी पत्ता का सेवन चटनी बना कर भी कर सकते हैं।
आयुर्वेद में त्रिफला चूर्ण का इस्तेमाल कई बीमारियों के रामबाण इलाज के लिए किया जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो फैटी लीवर को ठीक करने में मदद कर सकते हैं। साथ ही, त्रिफला शरीर को डिटॉक्स करने में भी मदद करता है। सुबह खाली पेट एक गिलास गुनगुने पानी के साथ एक चम्मच त्रिफला चूर्ण का सेवन करने से फैटी लीवर को ठीक करने में बहुत मदद मिलती है।