Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

गर्मी के 10 रसीले फल, ताजगी और तरावट के लिए रोज सेवन करें

हमें फॉलो करें गर्मी के 10 रसीले फल, ताजगी और तरावट के लिए रोज सेवन करें
वैसे तो आजकल पूरे सालभर ही लगभग सभी फल बाजार में आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन खास तौर से इन फलों को गर्मी का फल माना जाता है। यहां जानिए गर्मी के मौसम के उन खास फलों के बारे में, जो गर्मी में हमारा ध्यान तो रखते ही हैं साथ ही हमें देते हैं ताजगी और तरावट। यह रसीले फल हमें सेहत और सुंदरता दोनों ही देते हैं। जानिए यहां-

1. तरबूज- इसका गूदा जितना लाल होगा, वह उतना ही मीठा, स्वादिष्ट तथा रसभरा होगा। इसमें 75 प्रति‍शत पानी रहता है। वास्तव में यह ग्रीष्म ऋतु का सबसे मजेदार फल है। यह ग्रीष्म ऋतु में आनंद, मुख तृप्ति तथा स्वास्थ्य प्रदाता फल माना जाता है। तरबूज का हर हिस्सा काम का होता है, इसके छिलके की सब्जी भी बढ़िया बनती है।
 
2. खरबूजा- यह ग्रीष्म ऋतु का अद्वितीय फल है। यह हर कहीं सहजता से उपलब्ध रहता है एवं सस्ता होने के कारण सभी खरीद सकते हैं। खरबूजा तृप्ति कारक, शीतल, बलवर्धक तथा पित्त, वायु, कब्ज निवारक है। शारीरिक श्रम के बाद यह फल खाने से थकान दूर हो जाती है तथा तृप्ति मिलती है।
 
3. आम- आम फलों का राजा कहलाता है। स्वाद, स्वास्थ्य एवं बल संवर्धन की दृष्टि से आम सभी फलों में आगे है। विश्व के अनेक देशों में आम की अलग-अलग जाति होती है। फिर भी हिंदुस्तान का प्रसिद्ध फल आम ही है।आम भिन्न-भिन्न जाति के होते हैं। किन्तु सभी आमों के गुण प्रायः एक से ही होते हैं। आम को खाने से पहले 2-3 घंटे पानी में रखने से गर्मी निकल जाती है।
 
4. रसीली लीची- इस मौसम में आने वाली लीची न केवल गर्मी में तापमान नियंत्रित रखने में मदद करती है, बल्कि पोषण भी देती है। यह आंखों और त्वचा के लिए बेहतरीन है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट तत्व तनाव और झुर्रियों से भी बचाते हैं।
 
5. अंगूर- गर्मी के मौसम में खास तौर से मिलने वाले काले और हर अंगूर, शीतल और पौष्टि‍क होते हैं। इसमें भ्रपूर मात्रा  में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो आपको तनाव और बढ़ती उम्र से बचाते हैं। प्यास बुझाने में ये मददगार होते हैं। 
 
6. शहतूत- इसमें पाए जाने वाले रेजवर्टेरोल के बारे में माना जाता है कि यह शरीर में फैले प्रदूषण को साफ करके संक्रमित चीजों को बाहर निकालता है। यह आपके तनाव को दूर करता है साथ ही शरीर में रक्त के थक्के बनने से रोकता है जिससे रक्तसंचार निर्बाध रूप से सभी अंगों तक होता है। रक्त में मौजूद शर्करा पर भी यह नियंत्रण करता है।
 
7. ककड़ी- यह ग्रीष्म ऋतु का अनुपम उपहार फल तथा सब्जी दोनों है। ककड़ी अपने शीतल प्रभाव से मन, मस्तिष्क तथा वायु कोशिकाओं को तृप्ति एवं स्वास्थ्य प्रदान करती है। यह गर्मी तथा लू से बचाती है और त्वचा को खूबसूरत बनाती है। खीरा और ककड़ी के गुणधर्म एक से होते है।
 
8 स्ट्रॉबेरी- विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर स्ट्रॉबेरी न केवल मजेदार स्वाद देती है बल्कि आपको फ्री रेडिकल से बचाकर आपकी सेहत और ब्यूटी दोनों को निखारती है। 
 
9 संतरा- गर्मी में संतरा मन को खूब भाता है। विटामिन सी से भरपूर रसीला संतरा होने के कारण यह प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है और वजन कम करने में भी मददगार है। रेशों से भरपूर संतरा आपके पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है। 
 
10 नारियल पानी- हमारी पाचन प्रक्रिया को दुरुस्त रखने के लिए नारियल पानी एक बेहतरीन पेय है। इसमें विटामिन, मिनरल तथा अन्य कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो हमारे शरीर के लिए फायदेमंद हैं। नारियल पानी हमें ऊर्जावान बनाए रखता है, इतना ही नहीं गर्मी के दिनों में इसके सेवन से थकान, कमजोरी, चक्कर आने जैसी समस्याओं को दूर करने में भी यह खास है। ये सभी फल हमें मजेदार स्वाद के साथ ठंडक भी देते हैं। 

अस्वीकरण (Disclaimer) : चिकित्सा, स्वास्थ्य संबंधी नुस्खे, योग, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर वेबदुनिया में प्रकाशित/प्रसारित वीडियो, आलेख एवं समाचार सिर्फ आपकी जानकारी के लिए हैं। इनसे संबंधित किसी भी प्रयोग से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

webdunia

 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Silk Pillowcase के क्या है फायदे? त्वचा और बालों के लिए है सेहतमंद