Publish Date: Wed, 25 Dec 2024 (14:25 IST)
Updated Date: Wed, 25 Dec 2024 (14:52 IST)
indore news in hindi : इंदौर में राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को अतिक्रमण निरोधक अभियान के तहत गायों का अवैध बाड़ा हटाए जाने के दौरान बजरंग दल कार्यकर्ता और नगर निगम के कर्मचारी आपस में भिड़ गए। इस दौरान सरकारी गाड़ियों में तोड़-फोड़ भी की गई। कई कर्मचारियों को जमकर पीटा गया।
बजरंग दल की स्थानीय इकाई के संयोजक प्रवीण दरेकर ने दावा किया कि दत्त नगर में करीब 30 साल पुरानी गोशाला की गायों को नगर निगम की गोशाला में ले जाए जाने के दौरान एक गाड़ी में 20-25 गायों को चढ़ाया गया था जिससे पांच से सात गायें घायल हो गईं। इस घटनाक्रम से हिंदू समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए और जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो नगर निगम कर्मियों ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया।
बजरंग दल के पदाधिकारी ने कहा कि अगर हमारे किसी कार्यकर्ता पर नगर निगम की ओर से पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया जाता है, तो हम भी नगर निगम कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराएंगे।
नगर निगम की उपायुक्त लता अग्रवाल ने बताया कि राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नागरिकों की शिकायत पर गायों के जिस बाड़े को हटाया गया, उसके निर्माण के लिए स्थानीय प्रशासन से किसी तरह की मंजूरी नहीं ली गई थी। उन्होंने बताया कि उन्हें विवाद के दौरान नगर निगम के 2-3 कर्मचारियों से मारपीट की सूचना मिली है, लेकिन यह बात भी सामने आ रही है कि झगड़े में दोनों पक्ष शामिल थे।
अग्रवाल ने पुष्टि की कि विवाद के दौरान नगर निगम की सरकारी गाड़ियों को नुकसान भी पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम आयुक्त के निर्देशों पर इस मामले में उचित कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विनोद कुमार मीना ने बताया कि पुलिस को फिलहाल दोनों पक्षों में से किसी की भी शिकायत नहीं मिली है और शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।
edited by : nrapendra gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें