Publish Date: Wed, 06 Mar 2024 (09:10 IST)
Updated Date: Wed, 06 Mar 2024 (09:19 IST)
Indore Crime News: कल मंगलवार को इंदौर के देवी अहिल्याबाई एयरपोर्ट (Devi Ahilyabai Airport) पर एक ब्यूटीशियन (beautician) को सोने की तस्करी करते पकड़ा गया है। यह ब्यूटीशियन दिल्ली की रहने वाली है। उसने अपनी लेगिंग्स (leggings) की भीतरी परत व अस्तर में सोना छुपाया था। इसके लिए उसने सोने (gold) को पेस्ट के रूप में बदलकर उसका स्प्रे लेगिंग्स की भीतरी परत पर किया था। इंदौर कस्टम की एयर इंटेलीजेंस यूनिट ने करीब 375 ग्राम सोना बरामद किया है।
एयर इंडिया की शारजाह फ्लाइट से आई थी महिला : इंदौर एयरपोर्ट पर मंगलवार अलसुबह करीब 5 बजे शारजाह से आने वाली एयर इंडिया की उड़ान एएक्सबी 256 से एक महिला यात्री उतरी थी। कस्टम को गोपनीय सूचना मिली थी। महिला यात्री के दिल्ली के बजाय इंदौर एयरपोर्ट पर उतरने पर शक हुआ और उसे पूछताछ के लिए रोका गया। कड़ी पूछताछ के बाद महिला ने कबूला कि उसने जो लैगिंग्स पहनी है, उसके भीतर सोना छुपाया गया है।
बरामद सोने की कीमत करीब 20.20 लाख रुपए : कस्टम के अधिकारियों ने महिला की लेगिंग्स बरामद कर उसे कटवाया और कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग की। अंदर लगा अस्तर काटने पर भीतर सोने का पेस्ट चिपका मिला। कुल 368.5 ग्राम सोना बरामद हुआ। कस्टम के अनुसार बरामद सोने की कीमत करीब 20.20 लाख रुपए है। कुछ वर्षों में इंदौर एयरपोर्ट पर यह दूसरा मामला है, जब कोई महिला सोने की तस्करी में पकड़ी गई है। इस मामले में आगे जांच जारी है।
पिछले 4 महीनों में 3.42 किलो सोना हुआ बरामद : पिछले 4 महीनों में इंदौर एयरपोर्ट पर 8 लोग सोना तस्करी करते पकड़े जा चुके हैं। इनसे 3.42 किलो सोना बरामद हुआ है। इससे पहले शिवपुरी से पुरातत्व महत्व की कलाकृतियां भी चोरी कर तस्करी कर विदेश भेजने की कोशिश की गई थी। इन कलाकृतियों को कस्टम ने जब्त कर 29 फरवरी को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग भोपाल को सौंप दिया था।
Edited by: Ravindra Gupta