संदेशखाली की आंच इंदौर पहुंची, जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जबरन घुसे ABVP कार्यकर्ता
तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
Publish Date: Tue, 05 Mar 2024 (19:03 IST)
Updated Date: Tue, 05 Mar 2024 (19:46 IST)
ABVP's protest against TMC in Indore: पश्चिम बंगाल (West Bengal) के संदेशखाली (Sandeshkhali) मामले में मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता इंदौर के जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जबरन घुस गए और ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ता परिसर में जबरन घुस गए : चश्मदीदों के मुताबिक मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अभाविप कार्यकर्ताओं को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में घुसने से रोकने के लिए मुख्य चैनल गेट को बंद कर दिया, लेकिन धक्का-मुक्की के बीच उन्होंने जोर लगाकर यह दरवाजा खोल दिया और वे इस परिसर में जबरन घुस गए।
TMC के खिलाफ नारे लगाए : प्रदर्शनकारियों ने परिसर के फर्श पर बैठकर संदेशखाली मामले में तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ देर तक नारे लगाए और महिलाओं के बलात्कारियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। अधिकारियों ने अभाविप कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर उनका विरोध प्रदर्शन समाप्त कराया।
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख को 55 दिन बाद गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के तुरंत बाद तृणमूल कांग्रेस ने शेख को 6 साल के लिए निलंबित कर दिया।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta