Publish Date: Wed, 21 Feb 2024 (15:41 IST)
Updated Date: Wed, 21 Feb 2024 (15:50 IST)
Indore News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समर्थित भारतीय किसान संघ (BKS) के आह्वान पर इंदौर में बुधवार को सैकड़ों किसान (farmers) अपने ट्रैक्टरों के साथ जुटे और विकास परियोजनाओं के लिए खेती की उपजाऊ जमीनों के कथित सरकारी अधिग्रहण पर विरोध जताया।
शहर की लक्ष्मीबाई नगर कृषि उपज मंडी में जमा प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खेती की उपजाऊ जमीनों के अधिग्रहण के बदले उन्हें बाजार मूल्य के मुकाबले बेहद कम मुआवजा दिया जा रहा है, जो उन्हें कतई मंजूर नहीं है। किसानों ने इंदौर के पश्चिमी रिंग रोड, इंदौर-बुधनी रेल लाइन और अन्य परियोजनाओं के लिए किए जा रहे जमीन अधिग्रहण के खिलाफ विरोध जताया।
बीकेएस के जिला संरक्षक सुरेंद्र पटेल ने कहा कि पश्चिमी मध्यप्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभागों में खेती की उपजाऊ जमीनें विकास परियोजनाओं के नाम पर अधिग्रहीत की जा रही हैं। हम इन परियोजनाओं के लिए अपनी 1 इंच जमीन भी सरकार को नहीं देना चाहते।
लक्ष्मीबाई नगर कृषि उपज मंडी में जुटे किसानों ने जैसे ही अपने ट्रैक्टरों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोक दिया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने कृषि उपज मंडी के द्वार के सामने सड़क पर बैठ कर धरना शुरू कर दिया। किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर मंडी परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें