Publish Date: Mon, 06 Nov 2023 (09:06 IST)
Updated Date: Mon, 06 Nov 2023 (09:11 IST)
Indore News: यहां एक एक नवविवाहिता (newly married) की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना इंदौर के गांधी नगर में क्षेत्र की है। इस दौरान महिला का पति और देवर नौकरी पर गए हुए थे। मकान मालिक ने शाम को उसे घर के अंदर पानी की बाल्टी (bucket) के पास पड़े हुए देखा था। पुलिस (Police) ने मर्ग कायम कर लिया है और शव को जिला अस्पताल भेजा है।
पुलिस के मुताबिक अलका पति राजेश भिलाला निवासी बालाजी धाम कॉलोनी की करंट लगने से मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बताया कि अलका का पति और देवर एक प्लास्टिक फैक्टरी में काम करते हैं। दोनों शनिवार सुबह काम पर चले गए। इसके बाद अलका घर पर अकेली थी।
मकान मालिक ने शाम को 5 बजे के लगभग घर में उसे अचेत पड़े देखा। पास ही लोहे की रॉड पड़ी थी। इसके बाद उसने पति राजेश और देवर को सूचना की। दोनों महिला को नजदीक के अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक अलका का मायका शाजापुर जिले में है। डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
Edited by: Ravindra Gupta