Publish Date: Fri, 13 Mar 2026 (18:44 IST)
Updated Date: Fri, 13 Mar 2026 (18:56 IST)
शहर में देर रात निर्भया कांड जैसी एक और बड़ी वारदात होते-होते टल गई। मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के रीजनल पार्क के पास का है। जानकारी के मुताबिक, भीम और शक्ति ट्रैवल्स की बस (क्रमांक MP-10-P-1777) जो आमतौर पर सरवटे बस स्टैंड से खरगोन के लिए चलती है। लेकिन शुक्रवार रात करीब 2 बजे अपने तय रूट से हटकर सुनसान इलाके में घूमती दिखाई दी।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रुकवाई बस : देर रात सुनसान जगह पर बस देख स्थानीय युवाओं और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को शक हुआ। उन्होंने बस को रुकवाकर जांच की। बजरंग दल कार्यकर्ता देवा शर्मा के अनुसार बस के अंदर चार युवक एक महिला के साथ संदिग्ध स्थिति में मिले। आरोप है कि महिला के साथ जबरदस्ती और गलत हरकत करने की फिराक में थे।
महिला ने लगाया अपहरण का आरोप : मौके पर मौजूद महिला ने आरोप लगाया कि उसका अपहरण कर जबरन बस में बैठाया गया। महिला का कहना है कि उसे जलगांव (महाराष्ट्र) में अपनी बहन से मिलने जाना था, लेकिन बीच रास्ते में उसे इस बस में बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाया गया। युवाओं ने तत्काल हस्तक्षेप कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे संभावित बड़ी घटना टल गई।
जांच में जुटी पुलिस : इस घटना के बाद अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग का दावा किया जाता है। ऐसे में सरवटे बस स्टैंड से निकली बस अपने तय रूट से हटकर सुनसान इलाके तक कैसे पहुंच गई। फिलहाल पुलिस ने बस में मौजूद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इतना नहीं तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से चिलम भी बरामद की गई है। सवाल यह है कि अगर ऐसी घटनाओं पर बजरंग दल के सदस्य ही नजर रखेंगे तो शहर में पुलिस की भूमिका क्या होगी।
Edited By: Naveen R Rangiyal